
भुवनेश्वर: ओडिशा की प्रसिद्ध कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) यूनिवर्सिटी से एक और दुखद खबर सामने आई है। कंप्यूटर साइंस के प्रथम वर्ष के छात्र राहुल यादव का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला है। राहुल यादव छत्तीसगढ़ के रायगढ़ का रहने वाला था और कुछ महीने पहले ही उसने KIIT में दाखिला लिया था। रविवार देर रात जब राहुल ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो हॉस्टल के छात्रों ने वार्डन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ दरवाजा खोला, जाँच शुरू
सूचना मिलते ही इन्फोसिटी पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ कमरा अंदर से बंद (लॉक) पाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ दरवाजा खोला गया। अंदर राहुल यादव बेहोश अवस्था में मिला। उसे तुरंत KIMS अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले को अचानक मौत (Unnatural Death) के तौर पर दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में राहुल का मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान जब्त कर कमरा सील कर दिया गया है। राहुल के माता-पिता को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
एक साल में तीसरी मौत, UGC ने जताई थी आपराधिक लापरवाही
पुलिस का कहना है कि यह इस साल KIIT यूनिवर्सिटी में हुई तीसरी ऐसी संदिग्ध मौत है। इससे पहले, इसी साल फरवरी और मई में नेपाल के दो छात्रों ने कैंपस में आत्महत्या कर ली थी। इन घटनाओं के बाद, जुलाई में UGC ने यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी कर जवाब माँगा था। UGC की जाँच टीम ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा था कि यूनिवर्सिटी की “लापरवाही और गलत तरीके” एक छात्र की मौत की वजह बने थे, और यह मामला सीधा-सीधा “क्रिमिनल जिम्मेदारी” वाला था।
हॉस्टल के छात्रों से पूछताछ, यूनिवर्सिटी पर बढ़ा दबाव
इस नई घटना के बाद KIIT यूनिवर्सिटी पर दबाव और बढ़ गया है। पुलिस अधिकारी राहुल की मौत की वजह जानने के लिए हॉस्टल में रहने वाले छात्रों से लगातार बात कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राहुल की मानसिक स्थिति क्या थी, वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसने हाल ही में किसी तरह की परेशानी की बात किसी से कही थी। पुलिस यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी लगातार संपर्क में है, जिसने जल्द ही इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करने की बात कही है।
Also Read: छात्रा ने स्कूल में किया सुसाइड… नोट में लिखा, प्रिंसिपल करता था छेड़छाड़ और सैक्सुअल हरासमेंट…



