
Raipur Bomb Material News: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक रिहायशी इलाके से भारी मात्रा में विस्फोटक और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। रावाभाठा स्थित वार्ड नंबर-13 में एक मितानिन के घर से मिले इस सामान ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। बैग में बम बनाने के उपकरण और डेटोनेटर मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और संभावित खतरे को टाल दिया।
मितानिन के घर ‘अमानत’ के नाम पर रखा विस्फोटक का बैग
पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना रावाभाठा निवासी मितानिन पुष्पा साहू के घर की है। बुधवार शाम बीरगांव का रहने वाला विनय देवांगन नाम का व्यक्ति एक भारी बैग लेकर पुष्पा के पास पहुंचा। उसने कुछ देर के लिए बैग रखने का अनुरोध किया और बाद में वापस ले जाने की बात कही। हालांकि विनय के संदिग्ध व्यवहार और बैग से आ रही अजीब गंध ने पुष्पा को सतर्क कर दिया। उसने बिना देरी किए वार्ड पार्षद को इसकी सूचना दी जिन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।
बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने घंटों की जांच, तार और डेटोनेटर बरामद
सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। जब विशेषज्ञ टीम ने बैग खोला तो अंदर से भारी मात्रा में बिजली के तार, बैटरी, एक एयरगन, दो बोतल संदिग्ध केमिकल और डेटोनेटर जैसी खतरनाक सामग्री बरामद हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल जुटाए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि केमिकल कितना शक्तिशाली और ज्वलनशील है।
रसूखदार कांग्रेस नेता के साले पर शक की सुई, गिरफ्तारी की कोशिश तेज
इस संवेदनशील मामले में सबसे अहम कड़ी विनय देवांगन को माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि विनय एक प्रभावशाली कांग्रेस नेता का साला है। पुलिस फिलहाल इस राजनीतिक कनेक्शन पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रही है लेकिन विनय की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। जांच का मुख्य केंद्र अब यह है कि इतने घातक विस्फोटक रिहायशी इलाके में क्यों रखे गए थे और क्या इसके पीछे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना थी।
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता, साजिश के हर पहलू की पड़ताल जारी
रायपुर पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद डेटोनेटर और केमिकल का स्रोत क्या है। रिहायशी बस्ती के बीचों-बीच विस्फोटक सामग्री का मिलना एक गंभीर सुरक्षा चूक की ओर इशारा करता है। डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि जब्त सामग्री की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह सामान किस उद्देश्य से इकट्ठा किया गया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या विनय के साथ इस काम में और भी लोग शामिल थे या वह किसी और के इशारे पर काम कर रहा था।



