CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कबीरधाम में 13 बच्चे बंधुआ मजदूरी से मुक्त, 8 मई को 2300 जोड़ों का सामूहिक विवाह, छात्र संघ चुनाव को लेकर NSUI का प्रदर्शन, NHM कर्मचारियों में अटेंडेंस विवाद, बस्तर में माओवादियों का छिपा खजाना, तखतपुर में 35 कर्मचारी गायब, 30 शिक्षक ब्लैकलिस्ट, बिरगांव बम मामले में नया खुलासा, सुशासन तिहार में भाजपा नेता नाराज, कोर्ट परिसर से बाइक चोरी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

Table of Contents

कवर्धा में 13 बच्चे बंधुआ मजदूरी से मुक्त, 8 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने पशुपालन के काम में जबरन लगाए गए बैगा जनजाति के 13 बच्चों को सुरक्षित बचाया है। बचाए गए बच्चों की उम्र 8 से 15 साल के बीच है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों और छह मालिकों सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक एनजीओ की सूचना पर एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह सफल ऑपरेशन चलाया गया। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में आज 2300 जोड़े रचेंगे इतिहास

प्रदेशभर में आज यानी 8 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल के तहत विभिन्न जिलों में 2300 से अधिक जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। इसमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और बौद्ध सहित कई समुदायों के लोग शामिल हैं। सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। प्रशासन ने भोजन, सुरक्षा और अन्य सभी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

छात्र संघ चुनाव की मांग पर रायपुर में एनयूएसआई का हल्ला बोल

राजधानी रायपुर में बुधवार को छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। छात्रों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 2018 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे कॉलेजों में छात्रों की आवाज दबाई जा रही है।

अटेंडेंस के नए नियमों पर स्वास्थ्य विभाग में छिड़ा विवाद

राजनांदगांव के स्वास्थ्य विभाग में भेदभाव के आरोपों को लेकर माहौल गर्मा गया है। दरअसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने केवल एनएचएम (संविदा) कर्मचारियों के लिए आधार आधारित हाजिरी अनिवार्य कर दी है। कर्मचारी संघ का कहना है कि जब नियम सबके लिए हैं, तो सिर्फ संविदा कर्मियों पर ही इसे क्यों थोपा जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया या सभी पर समान रूप से लागू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।

बस्तर में माओवादियों का 50 करोड़ का ‘खजाना’ छिपा होने का अनुमान

बस्तर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई से अब माओवादियों की आर्थिक कमर भी टूट रही है। पिछले तीन महीनों में जवानों ने जंगलों में छिपे डंप से करीब 6.75 करोड़ रुपये नकद और 8 किलो सोना बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नोटबंदी के बाद माओवादियों ने लेवी के पैसों को सोने में निवेश करना शुरू कर दिया था। जानकारों का अंदेशा है कि अब भी बस्तर के जंगलों में नक्सलियों की 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की पूंजी छिपी हो सकती है।

तखतपुर एसडीएम की रेड में नदारद मिले 35 सरकारी कर्मचारी

बिलासपुर के तखतपुर में सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली में बड़ी लापरवाही सामने आई है। एसडीएम नितिन तिवारी ने जब तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत और नगर पालिका का औचक निरीक्षण किया, तो 35 अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। बायोमेट्रिक और हाजिरी रजिस्टर की जांच में कई गड़बड़ियां पाई गईं। एसडीएम ने सभी लापरवाह कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक अमले में खलबली मची हुई है।

पेपर जांचने में लापरवाही पर 30 शिक्षक तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हायर सेकेंडरी परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बड़ी गलती करने वाले 30 शिक्षकों पर कड़ा एक्शन लिया है। पुनर्मूल्यांकन में छात्रों के नंबर 20 से 40 तक बढ़ गए थे, जिसे गंभीर चूक माना गया है। मंडल ने इन सभी शिक्षकों को अगले 3 सालों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है और उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने की भी सिफारिश की है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बिरगांव बम मामले में नया मोड़, महापौर ने साले पर लगाए आरोप

रायपुर के बिरगांव में बम बनाने की सामग्री मिलने के मामले में अब पारिवारिक विवाद की एंट्री हो गई है। कांग्रेस नेता और महापौर नंदलाल देवांगन ने आरोप लगाया है कि उनके साले और भाजपा नेता विनय देवांगन ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि विनय ने ही एक मितानिन के घर वह बैग रखा था जिसमें विस्फोटक सामान मिला। फिलहाल पुलिस विनय की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

गरियाबंद में सुशासन शिविर में भाजपा नेता ने ही प्रशासन को घेरा

गरियाबंद के अमलीपदर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ में पूर्व भाजपा संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी अपनी ही सरकार के प्रशासन पर बरस पड़े। कलेक्टर की मौजूदगी में मांझी ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों का फोन तक नहीं उठाते, जिससे जनता की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। उन्होंने शिविर की व्यवस्था और प्रचार-प्रसार पर भी सवाल उठाए। मांझी ने साफ शब्दों में कहा कि सिर्फ शिविर लगाने से काम नहीं चलेगा, सिस्टम में सुधार करना बेहद जरूरी है।

सूरजपुर कोर्ट परिसर से दिनदहाड़े बाइक चोरी, पुलिस के उड़े होश

सूरजपुर जिला न्यायालय की सुरक्षित पार्किंग से चोर ने एक वकील के सहायक की पल्सर बाइक पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी बाइक को पैरों से धकेलकर ले जाता दिख रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात कोतवाली थाने से महज 30 मीटर की दूरी पर हुई। कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील स्थान से हुई इस चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: CG Liquor Supply Crisis PET Bottles: आबकारी विभाग के एक फैसले से चरमराई शराब की सप्लाई चेन: 15 दिनों में सरकार को लगा 500 करोड़ का फटका

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button