CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें खल्लारी रोपवे हादसे पर सख्ती और मुआवजे का ऐलान, ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का भव्य आगाज, 5 लाख भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार की सौगात, अंबिकापुर में अवैध कब्जों पर बुलडोजर के साथ तनाव, छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई का हल्ला बोल, बस्तर के 123 बंद स्कूल फिर खुले, 1 अप्रैल से नगद चालान व्यवस्था खत्म, जशपुर जेल का औचक निरीक्षण, केशकाल में तेंदुए की खाल के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार, राज्यसभा में रायपुर एम्स में स्टाफ की कमी का मुद्दा गरम समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
खल्लारी रोपवे हादसे पर सरकार सख्त, पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक मदद
महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर में हुए रोपवे हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुआवजे की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु के परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और जो भी इस लापरवाही का जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ है।
छत्तीसगढ़ में कल से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आगाज
25 मार्च से छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ शुरू होने जा रहे हैं। इसमें देशभर के 30 राज्यों के करीब 3800 आदिवासी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में होने वाले इन खेलों में कुल 106 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा। डिप्टी सीएम अरुण साव ने इसे राज्य के लिए मील का पत्थर बताया है। आयोजन में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों के साथ-साथ मल्लखंब का प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा।
5 लाख भूमिहीन मजदूरों के खाते में आएंगे 10-10 हजार रुपये
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए सीएम विष्णु देव साय बुधवार को ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत बड़ी राशि जारी करेंगे। प्रदेश के 4,95,965 लाभार्थियों के खाते में सीधे 10,000 रुपये भेजे जाएंगे। इस बार सरकार ने सहायता राशि को 7 हजार से बढ़ाकर 10 हजार कर दिया है। लाभार्थियों में 22 हजार से ज्यादा बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं, जिन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
अंबिकापुर में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, पथराव के बाद तनाव
अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में मेडिकल कॉलेज की 7 एकड़ जमीन को खाली कराने पहुंचे प्रशासनिक अमले को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने यहां बने 37 अवैध मकानों को ढहा दिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। जांच में पता चला कि कब्जाधारियों ने वन अधिकार पट्टे के फर्जी दस्तावेज बनवा रखे थे, जिनमें कलेक्टर और डीएफओ के साइन भी जाली पाए गए हैं।
छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई का हल्ला बोल
प्रदेश में लंबे समय से रुके छात्रसंघ चुनावों को दोबारा शुरू कराने के लिए एनएसयूआई ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि 27 मार्च को सभी कॉलेजों के प्राचार्य के जरिए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का घेराव किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि चुनाव न होने से उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
बस्तर में बंद पड़े 123 स्कूलों में फिर गूंजेगी घंटी
नक्सलवाद के कारण सुकमा जिले में सालों से बंद पड़े 123 स्कूल अब दोबारा खुल गए हैं। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत सरकार ने इन अंदरूनी इलाकों में शिक्षा की नई अलख जगाई है। साल 2006 के बाद से जो प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल वीरान हो गए थे, वहां अब बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इसके साथ ही 7 नए स्कूल भी खोले गए हैं और आने वाले समय में 19 और स्कूल शुरू करने का प्रस्ताव तैयार है।
1 अप्रैल से बंद हो जाएगा नगद चालान, अब केवल ऑनलाइन भुगतान
छत्तीसगढ़ में सरकारी भुगतान की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 अप्रैल से मैनुअल तरीके से चालान जमा करने की प्रक्रिया पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी। अब जिला कोषालयों में केवल ऑनलाइन (OTC) माध्यम से ही चालान स्वीकार किए जाएंगे। इस नई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को ट्रेनिंग दी गई है ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो और सरकारी काम में पारदर्शिता बनी रहे।
जशपुर जेल का औचक निरीक्षण, कैदियों से मिले जज और कलेक्टर
जशपुर की जिला जेल में आज न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने अचानक छापा मारा। जिला जज सत्येन्द्र कुमार साहू और कलेक्टर रोहित व्यास ने जेल की बैरकों, रसोई और अस्पताल का जायजा लिया। अधिकारियों ने कैदियों से सीधे बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके कानूनी मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए। जेल परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों को और बेहतर करने की हिदायत दी गई है।
तेंदुए की खाल के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार, केशकाल में बड़ी कार्रवाई
वन विभाग ने तेंदुए की खाल की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। केशकाल वनमंडल और उड़नदस्ता दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को पकड़ा है। तस्करों को पकड़ने के लिए वन विभाग के कर्मचारी ने खुद खरीदार बनकर उनसे संपर्क किया था। आरोपियों के पास से 195 सेंटीमीटर लंबी खाल और शिकार में इस्तेमाल बंदूक बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी बस्तर और नारायणपुर के रहने वाले हैं।
राज्यसभा में गूंजा रायपुर एम्स का मुद्दा, स्टाफ की कमी पर सवाल
रायपुर एम्स में डॉक्टरों और कर्मचारियों की भारी कमी का मामला राज्यसभा में उठाया गया। सांसद फूलोदेवी नेताम ने सदन को बताया कि एम्स में डॉक्टरों के 115 और नर्सिंग व टेक्निकल स्टाफ के करीब 1500 पद खाली पड़े हैं। स्टाफ न होने की वजह से मरीजों को इलाज के लिए मेकाहारा रेफर कर दिया जाता है और ऑपरेशन के लिए लंबी वेटिंग मिल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से इन पदों को तुरंत भरने की मांग की है।



