CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कवर्धा में 5 हजार में बच्चों की बिक्री से मचा हड़कंप महिलाओं को 50% रजिस्ट्री छूट रायपुर में IPL की तैयारी तेज CGPSC घोटाले में झटका गौधाम पर हाईकोर्ट सख्त बारिश से फसल तबाह दुर्ग में हथियार तस्कर गिरफ्तार बांग्लादेशी घुसपैठ पर सियासत गरम केशकाल में 8000 पेड़ों का घोटाला दुकानदारों को 24 घंटे में रजिस्ट्रेशन समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
कवर्धा में शर्मनाक करतूत: माता-पिता ने ही दलाल को बेचे अपने बच्चे
कवर्धा जिले से एक ऐसी घटना आई है जिसने सबको सन्न कर दिया है। यहां कुछ माता-पिता ने अपने ही बच्चों को महज 5 से 6 हजार रुपये में दलालों को बेच दिया। पुलिस को खबर मिली थी कि कुछ बच्चों को गांव से बाहर ले जाकर उनसे जबरन मजदूरी कराई जा रही है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और 6 मासूम बच्चों को रेस्क्यू किया। इस मामले में चेतन यादव और रवि यादव नाम के शख्स पर बच्चों की खरीद-फरोख्त का आरोप है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
महिलाओं के नाम पर जमीन रजिस्ट्री अब आधी कीमत में
प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब अगर कोई अचल संपत्ति महिलाओं के नाम पर खरीदी जाती है, तो रजिस्ट्रेशन फीस में 50 प्रतिशत की भारी छूट मिलेगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि इससे सरकार पर करीब 153 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा, लेकिन यह महिलाओं के बेहतर भविष्य के लिए एक बड़ा निवेश है। इसका आधिकारिक आदेश राजपत्र में छप चुका है और यह नियम तुरंत लागू हो गया है।
रायपुर में IPL का रोमांच: प्रशासन ने कसी कमर
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 10 और 13 मई को आईपीएल 2026 के मैच होने वाले हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक जाम न हो और दर्शकों को एंट्री में दिक्कत न आए, इसके लिए भारी संख्या में वॉलंटियर्स तैनात किए जाएंगे। इस बार टिकटों की बिक्री सिर्फ ऑनलाइन हो रही है। पार्किंग में अवैध वसूली रोकने के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
CGPSC घोटाला: आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर को नहीं मिली राहत
भर्ती घोटाले के आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर की अग्रिम जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों से मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीबीआई की जांच में पता चला है कि आरोपी ने परीक्षा से पहले कई उम्मीदवारों को रिजॉर्ट में रुकवाकर प्रश्नपत्र हल करवाए थे।
गौधाम में गायों की बदहाली पर हाईकोर्ट सख्त
बिलासपुर के लाखासार गौधाम में मवेशियों की खराब हालत को लेकर हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लिया है। महज दो महीने पहले शुरू हुए इस गौधाम में क्षमता से ज्यादा गायों को ठूंस-ठूंस कर भरने की खबरें आई थीं। कोर्ट ने पशुपालन विभाग के सचिव से इस पर जवाब मांगा है। बताया जा रहा है कि छोटे से शेड में 200 से ज्यादा गायें रखी गई थीं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
आंधी-बारिश ने बिगाड़ा किसानों का खेल
महासमुंद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश और आंधी ने रबी सीजन की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में कटी रखी और खड़ी फसल भींगने से किसान परेशान हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी एसडीएम को नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को जल्द मुआवजा मिल सके। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
दुर्ग में कट्टा और कैश के साथ युवक गिरफ्तार
दुर्ग की कुम्हारी पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा है जो अवैध हथियार बेचने की फिराक में था। आरोपी अविनाश आष्टिकर के पास से एक देशी कट्टा, कारतूस और 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि वह किसी बड़ी वारदात या तस्करी की साजिश रच रहा था। फिलहाल उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि यह हथियार और इतनी बड़ी रकम कहां से आई।
बांग्लादेशी घुसपैठ पर डिप्टी सीएम का बड़ा बयान
पश्चिम बंगाल के दौरे से लौटे डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों को सही सहयोग नहीं दिया, जिसकी वजह से दिक्कतें आ रही हैं।
केशकाल बाईपास के नाम पर 8 हजार पेड़ कटे, पर सड़क का पता नहीं
कोंडागांव के केशकाल में प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बाईपास बनाने के नाम पर 8,159 पेड़ काट दिए गए, जबकि उस जगह बाईपास की मंजूरी ही नहीं मिली थी। इस मामले में करीब 2.75 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर भी गड़बड़ी की आशंका है। अब जांच शुरू होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है कि बिना परमिशन इतने पेड़ आखिर किसके आदेश पर काटे गए।
अब दुकान का रजिस्ट्रेशन सिर्फ 24 घंटे में
व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है कि अब उन्हें श्रम विभाग के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। सरकार ने नियमों में बदलाव किया है जिसके तहत अब ऑनलाइन आवेदन करने के 24 घंटे के भीतर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मिल जाएगा। अगर सर्टिफिकेट में कोई बदलाव करना है, तो सिर्फ 100 रुपये की फीस देकर उसे भी ऑनलाइन ही अपडेट कराया जा सकता है। यह पूरी प्रक्रिया सेल्फ डिक्लेरेशन पर आधारित होगी।



