CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नवा रायपुर में डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन में पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी तय, दुर्ग में प्रेम विवाह का जश्न बना मातम जब भाई की पीट-पीटकर हत्या हुई, बिलासपुर GGU में छात्र निष्कासन पर NSUI का उग्र प्रदर्शन और विधायक अटल श्रीवास्तव भी उतरे सड़कों पर, नवा रायपुर जंगल सफारी में बाघिन ‘बिजली’ की मौत पर महंत ने राज्यपाल को लिखा पत्र और अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया, रायपुर में महिला थाने के बाहर बुजुर्ग ने कीटनाशक पीकर दी जान देने की कोशिश, मेडिकल कॉलेजों में मिली 61 नई PG सीटों से छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात, हाईकोर्ट ने चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर रोक से इनकार कर याचिका की खारिज, बलौदा बाजार के बंद गौठान से अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश, रायपुर में शो रूम के बाहर खड़ी कार में युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी, वहीं रायपुर-दुर्ग संभाग की 12 लाख हेक्टेयर भूमि पर दलहन-तिलहन की खेती की नई योजना लागू समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
नवा रायपुर में होगा डीजीपी और आईजीपी का राष्ट्रीय सम्मेलन, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह भी रहेंगे शामिल
Security Meeting: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक डीजीपी और आईजीपी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति तय मानी जा रही है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा, आवास और यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस निर्देश दिए। सम्मेलन आईआईएम नवा रायपुर परिसर में होगा, जिसमें सभी राज्यों के गृह सचिव, डीजीपी और पुलिस महानिरीक्षक शामिल होंगे। बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत करेगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
प्रेम विवाह का जश्न बना मातम, युवती के भाई की पीट-पीटकर हत्या
Crime Incident: दुर्ग जिले में प्रेम विवाह का जश्न एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। पूजा साहू और तिलक साहू ने परिवार की अनुमति बिना विवाह किया था। विवाह समारोह के दौरान तिलक के दोस्तों और युवती के मौसेरे भाई नीरज ठाकुर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि नीरज की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पहले से शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिससे यह घटना हुई।
GGU में छात्र निष्कासन पर बवाल, NSUI का प्रदर्शन, विधायक अटल श्रीवास्तव भी हुए शामिल
Student Protest: बिलासपुर के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में छात्र के निष्कासन को लेकर NSUI ने कुलपति निवास के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एनएसयूआई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि आंदोलन हिंसक हो गया था। वहीं NSUI ने 4 नवंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।
बाघिन ‘बिजली’ की मौत पर सियासत तेज, महंत ने राज्यपाल को लिखा पत्र
Wildlife Death: नवा रायपुर जंगल सफारी में बाघिन ‘बिजली’ की मौत के बाद राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्यपाल को पत्र लिखकर अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महंत ने कहा कि गर्भवती बाघिन को समय पर इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी और उसके शावकों की मौत हो गई। उन्होंने वरिष्ठ वन अधिकारियों और सफारी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला थाने के बाहर बुजुर्ग ने पी लिया जहर, हालत गंभीर
Suicide Attempt: रायपुर में महिला थाने के सामने एक 55 वर्षीय बुजुर्ग ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग घरेलू विवाद और नशे की लत से परेशान था। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आत्महत्या की वजह स्पष्ट होगी। इस घटना से थाने के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात, मेडिकल पीजी की 61 नई सीटें स्वीकृत
Education Reform: राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमडी-एमएस की 61 नई सीटों की मंजूरी दी है। अब प्रदेश में कुल 377 शासकीय पीजी सीटें हो गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर जिला अस्पताल में अब विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहें।
हाईकोर्ट ने चैतन्य बघेल की याचिका खारिज की, गिरफ्तारी पर नहीं होगा रोक
Court Verdict: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच ने कहा कि ईडी की कार्रवाई में कोई कानूनी त्रुटि नहीं है। यह फैसला शराब घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ा है, जिसमें बघेल के बेटे से पूछताछ की जा चुकी है।
बंद गौठान में चल रही थी शराब फैक्ट्री, पुलिस छापे में हुआ बड़ा खुलासा
Illegal Liquor: बलौदा बाजार जिले के खैरी गांव में पुलिस ने बंद पड़े गौठान से अवैध देशी शराब की फैक्ट्री पकड़ी है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ शराब बरामद हुई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
पलारी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, इस गौठान में लंबे समय से अवैध शराब बनाकर आसपास के इलाकों में बेची जा रही थी।
शो रूम के बाहर खड़ी कार में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी
Mysterious Death: रायपुर के टाटीबंध स्थित एक शो रूम के बाहर खड़ी कार में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह कार 15 दिन से शो रूम के बाहर खड़ी थी। पुलिस के मुताबिक, वाहन मालिक ने एक्सीडेंटल थार को क्रेन से खिंचवाकर यहां रखा था। अब शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
रायपुर और दुर्ग संभाग की 12 लाख हेक्टेयर भूमि पर होगी खेती, दलहन-तिलहन पर जोर
Agriculture Plan: कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने खरीफ समीक्षा और रबी सीजन की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि बिना बोई गई जमीन को खेती योग्य बनाया जाए। बैठक में तय हुआ कि रायपुर संभाग की सात लाख और दुर्ग संभाग की पांच लाख हेक्टेयर भूमि पर रबी फसलें बोई जाएंगी। विभाग ने दलहन, तिलहन और मक्का उत्पादन बढ़ाने की योजना पर बल दिया है।
Also Read: मोना सेन बनीं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की नई अध्यक्ष



