Bilaspur Kinnar Tanu Khan Case: शराब पार्टी के बहाने ले जाकर किन्नर की Hत्या, साथी किन्नरों ने गला घोंटकर उतारा मौt के घाट, जानें पूरा मामला

Bilaspur Kinnar Tanu Khan Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किन्नर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव के पास धान के खेत में एक किन्नर का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया। मृतका की पहचान मोपका के चिल्हाटी निवासी तनु खान के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले मारपीट की गई और उसके बाद गला घोंटकर हत्या को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पार्टी के बहाने नेशनल हाईवे की ओर ले गए थे साथी

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तनु खान सोमवार की रात अपने घर से घूमने के लिए निकली थी। इस दौरान उसे उसकी साथी किन्नर रिया, मीरा, मुंडो और उनके कुछ परिचित युवक मिले। सभी ने मिलकर पार्टी करने की योजना बनाई और तनु को सकरी स्थित नेशनल हाईवे की तरफ ले गए। परिजनों के अनुसार तनु रातभर घर वापस नहीं लौटी, जिसके बाद वे उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद और ले ली जान

देर रात नेशनल हाईवे के किनारे बैठकर सभी लोग शराब पी रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि साथी किन्नरों ने गाली-गलौज करते हुए तनु पर हमला कर दिया। विवाद हिंसक रूप ले चुका था और आरोपी किन्नरों ने मिलकर तनु की पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

खेत में शव फेंककर मौके से फरार हुए आरोपी

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने शव को जोंकी गांव के पास स्थित धान के खेत में फेंक दिया। मंगलवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्होंने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सकरी पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीन संदिग्ध किन्नर पुलिस की हिरासत में, पूछताछ जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिया, मीरा और मुंडो को हिरासत में ले लिया है। पुलिस तीनों से गोपनीय स्थान पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, अधिकारी अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पूछताछ पूरी होने के बाद ही घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सकेगी।

ट्रेनों में वसूली और इलाके के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद

बिलासपुर में किन्नरों के अलग-अलग गुटों के बीच लंबे समय से क्षेत्र के बंटवारे और ट्रेनों में बधाई वसूली को लेकर रंजिश चलती रही है। इससे पहले भी राजा गैंग और रजिया गैंग के बीच कई बार मारपीट और खूनी झड़प की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी शिकायतें थाने तक पहुंची थीं। इस वारदात के बाद एक बार फिर क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई की चर्चाएं गर्म हो गई हैं।

एक ही समूह से जुड़े हैं आरोपी और पीड़िता

हालांकि शुरुआती जांच में एक बात साफ हुई है कि इस वारदात में शामिल आरोपी और मृतका तनु खान एक ही समूह से जुड़े हुए थे। इस कारण पुलिस फिलहाल इसे आपसी विवाद और नशे की हालत में हुई मारपीट का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे हैं सवाल

घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों और मीडिया में पुलिस की ढिलाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद भी मामले में शुरुआत में ढिलाई बरतने और जानकारी छिपाने के आरोप लग रहे हैं। फिलहाल सकरी थाना पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सके।

Also Read: CG Crime Report: विधानसभा में पेश हुई छत्तीसगढ़ के अपराधों की कुंडली: यह जिला बना अपराध की राजधानी, बिलासपुर और दुर्ग से भी आगे निकले आंकड़े, जानिए आपके जिले का हाल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button