CG Vote Chori: रायपुर के एक मकान में मिले 350 वोटर्स, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा

रायपुर: CG Vote Chori: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दावा किया कि राजधानी रायपुर के एक ही मकान में 350 मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी रोकने की बात कर रही है, लेकिन मतदाता सूची शुद्धिकरण (SIR) का विरोध करके खुद ही सवालों के घेरे में खड़ी है।

Vote Chori Latest News: कांग्रेस की रैली और भाजपा का पलटवार

मंगलवार को बिलासपुर में कांग्रेस ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैली निकाली। इसमें पार्टी नेताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र कमजोर करने और सत्ता हथियाने के लिए वोट चोरी का आरोप लगाया। इसके जवाब में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस दोहरे मापदंड अपना रही है। एक तरफ वह वोट चोरी का मुद्दा उठाती है और दूसरी तरफ एसआईआर (Special Intensive Revision) जैसी प्रक्रिया का विरोध कर रही है, जो मतदाता सूचियों को सही करने के लिए चल रही है।

डिप्टी सीएम ने दिए दस्तावेजी सबूत

विजय शर्मा ने रायपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कई नाम ऐसे मिले हैं जो दो-दो विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग एपिक नंबर से दर्ज कराए गए हैं। इसमें कवर्धा और रायपुर की विधानसभा सीटें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सब पिछली भूपेश बघेल सरकार में मंत्री रहे मो. अकबर के इशारे पर किया गया। शर्मा ने आरोप लगाया कि कई बुजुर्ग लोगों ने भी “पहली बार वोटर” का फॉर्म भरकर गलत तरीके से नाम जुड़वाए हैं।

रायपुर के मकान में 350 वोटर

डिप्टी सीएम ने खुलासा किया कि राजधानी के एक मकान में 350 से अधिक वोटर पंजीकृत किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस जब खुद ऐसी गड़बड़ियों को बढ़ावा दे रही है तो वह वोट चोरी पर हल्ला क्यों मचा रही है।
उन्होंने कहा, “एसआईआर का विरोध करके कांग्रेस खुद को ही कठघरे में खड़ा कर रही है। अगर वोट चोरी रोकनी है तो मतदाता सूचियों की शुद्धिकरण प्रक्रिया को सहयोग देना होगा।”

कांग्रेस पर तीखा हमला

विजय शर्मा ने कांग्रेस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस वोट चोरी के नाम पर रैली कर रही है, लेकिन असलियत यह है कि उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत उस पर फिट बैठती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी एसआईआर के मुद्दे पर देश को गुमराह कर रहे हैं। हकीकत यह है कि जो लोग गलत तरीके से वोटर बने हैं या बाहर से आकर नाम जुड़वा लिए हैं, उन्हें पहचानकर बाहर करना ही होगा।

कार्रवाई की तैयारी

डिप्टी सीएम ने बताया कि गलत ढंग से मतदाता सूची में नाम जोड़ने वालों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। अब ऐसे लोगों पर एफआईआर होगी और दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी को रैली करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए और जनता का विश्वास पाने के लिए जमीनी स्तर पर मेहनत करनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ में भाजपा ही खोल रही वोट चोरी का पर्दाफाश

छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वोट चोरी की असलियत कौन उजागर कर रहा है। राहुल गांधी ने दिल्ली से लेकर देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सबूतों के साथ वोट चोरी का मुद्दा उठाया। अब प्रदेश में भाजपा सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा खुद यह दावा कर रहे हैं कि रायपुर के एक मकान में 350 से ज्यादा मतदाता दर्ज किए गए हैं।

यहां तर्क यह बनता है कि जब भाजपा खुद सत्ता में है और उसका ही मंत्री मतदाता सूची में गड़बड़ी के सबूत पेश कर रहा है, तो फिर सवाल कांग्रेस पर क्यों खड़ा किया जा रहा है। अगर वोट चोरी कांगेस ने की होती तो वोट चोरी करके आज वो सत्ता में होती क्या वाकई में भाजपा छत्तीसगढ़ में चुनाव जीतने के लिए इसी तरह की गड़बड़ियों का सहारा ले चुकी है, और अब जब मामला खुल रहा है तो कांग्रेस पर दोष मढ़ा जा रहा है?

क्या कांग्रेस साबित करेगा की भाजपा वोट चोरी करके सत्ता में आयी?

राहुल गांधी और कांग्रेस ने वोट चोरी को लेकर पूरे देश में बड़ा अभियान छेड़ा है। लेकिन छत्तीसगढ़ में जो तस्वीर सामने आ रही है, वह कुछ अलग ही कहानी कहती है। अगर भाजपा ही वोट चोरी के सबूत सार्वजनिक कर रही है, तो इसका सीधा मतलब यह भी हो सकता है कि कांग्रेस अपने ही आरोपों में उलझ जाएगी।

अब सवाल यही है कि क्या कांग्रेस छत्तीसगढ़ में वोट चोरी को साबित कर पाएगी, या फिर यह मुद्दा भाजपा की रणनीति में बदलकर कांग्रेस को ही घेर लेगा।

Also Read: Vote Chori: छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी…कांग्रेस बोली- सबूत के साथ बहुत जल्द करेंगे खुलासा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button