
रायपुर, 30 मई 2025: CG Ministers-MLAs Salary: अब मंत्री-विधायकों और विधानसभा से जुड़े तमाम अधिकारियों के वेतन, भत्तों और सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक में मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए संसदीय कार्य विभाग की नई वेबसाइट https://cgparliamentary.cgstate.gov.in को लॉन्च कर दिया है। इस वेबसाइट की शुरुआत राज्य के संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मंत्रालय स्थित महानदी भवन में की।
पारदर्शिता की दिशा में मजबूत पहल
नई वेबसाइट को नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) की टीम ने तैयार किया है। इसके जरिए अब आम लोग आसानी से जान सकेंगे कि विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष समेत विधायकों और पूर्व विधायकों को क्या-क्या वेतन और सुविधाएं मिलती हैं।

इसके साथ ही विभाग से जुड़े कानून, नियम, प्रक्रियाएं और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। सरकार की ये कोशिश न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि आम जनता को भी सिस्टम को समझने में मदद मिलेगी।
लॉन्चिंग के मौके पर कौन-कौन रहा मौजूद?
वेबसाइट उद्घाटन के मौके पर संसदीय कार्य विभाग के सचिव एस. प्रकाश, उप सचिव नीलम टोप्पो समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। सभी ने मिलकर इस पहल की सराहना की और इसे सरकार की डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक अहम कदम बताया।

अब देखना होगा कि यह पोर्टल जनता के लिए कितना उपयोगी साबित होता है, लेकिन शुरुआत तो शानदार मानी जा सकती है।



