CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रेफर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, जशपुर में सजेगा ‘जशपुर जम्बूरी 2025’, छत्तीसगढ़ बना हरित विकास और आर्थिक प्रगति का मॉडल , एनीकट में डूबने से तीन युवकों की मौत, छठी का खाना बना जानलेवा, मुख्यमंत्री से पंजाब सरकार के मंत्रियों ने की मुलाकात, होटल में जुआ खेलते पकड़े गए नेता-व्यापारी, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई, सरकारी स्कूल में शिक्षकों की शराब पार्टी, त्योहारों में यात्रियों के लिए चली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, खबरें समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

रेफर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, ईएमटी की हालत गंभीर

Ambulance Accident: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे 930 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब रेफर मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) घनश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रायपुर अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। चालक दुकालू राम यादव, मरीज और परिजनों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज जा रही थी, तभी मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से 3 किमी दूर यह हादसा हुआ। ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जशपुर में सजेगा ‘जशपुर जम्बूरी 2025’, संस्कृति और रोमांच का संगम

Jashpur Jamboree: छत्तीसगढ़ का खूबसूरत पर्वतीय जिला जशपुर 6 से 9 नवंबर 2025 तक उत्सव, संस्कृति और रोमांच का केंद्र बनने जा रहा है। ‘जशपुर जम्बूरी 2025’ में देशभर से आने वाले पर्यटक जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोमांचक खेलों का अनुभव करेंगे। यह आयोजन जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, झरनों, जंगलों और जनजातीय परंपराओं को बढ़ावा देगा। पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, नर्तकों और गायक कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। जशपुर जम्बूरी के दौरान क्षेत्रीय व्यंजन, जनजातीय लोकनृत्य और एडवेंचर कैंपिंग जैसी गतिविधियाँ प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

छत्तीसगढ़ बना हरित विकास और आर्थिक प्रगति का मॉडल

Chhattisgarh Economy: राज्य गठन के 25 सालों में छत्तीसगढ़ ने खनिज और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन के साथ आर्थिक विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। राज्य का खनिज राजस्व 429 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 14,592 करोड़ रुपये हो गया है, यानी 34 गुना वृद्धि। देश के कुल खनिज भंडार का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में है, जिससे प्रदेश की GDP में खनिज क्षेत्र की हिस्सेदारी लगभग 10% हो गई है। खास बात यह है कि खनन के बावजूद राज्य के वन क्षेत्र में 68,000 हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है, जो भारत में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि राज्य की हरित नीति और सतत विकास की दिशा में बड़ी मिसाल मानी जा रही है।

एनीकट में डूबने से तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

Water Drowning: बलौदाबाजार भाटापारा जिले में सिमगा थाना क्षेत्र के चंदिया पथरा गांव में नहाने गए चार युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। दीपावली के दौरान बिलासपुर से आए दो सगे भाई और उनके एक मित्र इस हादसे का शिकार हुए। चौथा युवक युगल प्रकाश साहू किसी तरह एनीकट के पत्थर को पकड़कर बच निकला। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उसे अस्पताल पहुंचाया। रातभर चली तलाशी के बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान तेज बहाव के कारण युवकों ने नियंत्रण खो दिया था। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है।

छठी का खाना बना जानलेवा, फूड प्वॉइज़निंग से 5 ग्रामीणों की मौत

Food Poisoning: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित छठी कार्यक्रम में खाना खाने के बाद फूड प्वॉइज़निंग की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और कई गंभीर बीमार ग्रामीणों को उपचार के लिए भैरमगढ़ उप-स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बताया जा रहा है कि दूषित भोजन से दर्जनों लोग बीमार हैं। प्रशासन ने भोजन के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री से पंजाब सरकार के मंत्रियों ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री  हरदीप सिंह मुण्डियन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सौजन्य मुलाकात की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंजाब सरकार के मंत्रियों द्वारा दिए गए आमंत्रण के लिए हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया। मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने अपने जीवन में धर्म, मानवता और समानता के जो आदर्श स्थापित किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई, टॉप 9 माओवादी कमांडर ढेर

Naxal Operation: बस्तर से लेकर झारखंड तक फैले माओवादी नेटवर्क को सुरक्षा बलों ने करारा झटका दिया है। इस साल देशभर में 9 टॉप माओवादी कमांडर मारे जा चुके हैं, जिनमें से 4 केवल बस्तर क्षेत्र में ढेर किए गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सख्त निर्देशों के बाद लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। 2023 से अब तक बस्तर में 427 माओवादी मारे गए हैं। नक्सलियों ने खुद 700 साथियों के मारे जाने की बात पर्चे में मानी है। संगठन अब पुनर्गठन की चुनौती से जूझ रहा है।

होटल में जुआ खेलते पकड़े गए नेता-व्यापारी, 7 लाख नकद जब्त

Gambling Raid: महासमुंद पुलिस ने बाला जी होटल में चल रहे जुआ सत्र पर छापा मारते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया। इन जुआरियों में कुछ स्थानीय नेता और व्यापारी भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 7 लाख रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच कोतवाली थाना क्षेत्र में चल रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सरकारी स्कूल में शिक्षकों की शराब पार्टी, बच्चों से गाली-गलौज

Teacher Misconduct: बिलासपुर के मस्तूरी ब्लॉक के रहटाटोर गांव में स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। विद्यालय समय में दो शिक्षकों ने शराब पीकर मुर्गा पार्टी की और बच्चों से अभद्र व्यवहार किया। जांच के बाद DEO ने प्रधान पाठक राजेश्वर मरावी और सहायक शिक्षक मनोज नेताम को निलंबित कर दिया है। बच्चों ने घटना की जानकारी अभिभावकों को दी, जिसके बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। जिला शिक्षा विभाग ने घटना की जांच कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी है।

त्योहारों में यात्रियों के लिए चली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, बढ़ाई गई निगरानी

Festival Trains: त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 170 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जबकि अन्य रेलवे जोनों की 223 ट्रिप भी इस रूट से गुजरेंगी। रेलवे मुख्यालय और मंडलों में 24×7 वार रूम से निगरानी की जा रही है। प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जैसे बड़े स्टेशनों पर खानपान, पेयजल और बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।

Also Read: Special Educator Bharti 2025: स्पेशल एजुकेटर भर्ती के आवेदनों की जांच पूरी, मान्य-अमान्य सूची जारी 22 अक्टूबर से करें दावा आपत्ति

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button