
धमतरी: CM Sai Dhamtari Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण करेंगे। ये सदन मातृशक्ति को समर्पित होंगे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री धमतरी जिले को 245 करोड़ 80 लाख की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख नेता
इस आयोजन में उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंकराम वर्मा अतिविशिष्ट अतिथि रहेंगे। वहीं सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं भोजराज नाग, विधायक अजय चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा और जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
महिला सशक्तिकरण को नई दिशा में बने महतारी सदन
करेलीबड़ी धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र का एक प्रमुख गांव है। महतारी सदन निर्माण योजना के अंतर्गत धमतरी जिले में अब तक चार महतारी सदन बनाए गए हैं, जिनका निर्माण क्रमशः ग्राम पंचायत भेंड्री, मेघा, खरेंगा और करेलीबड़ी में किया गया है। यह योजना छत्तीसगढ़ सरकार की पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना, आपसी समरसता स्थापित करना, सामुदायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना तथा महिलाओं को सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाना है।
महतारी सदन निर्माण की योजना
महतारी सदन निर्माण की इस योजना के तहत प्रथम चरण में वर्ष 2024-25 अंतर्गत कुल 202 महतारी सदन के लिए कुल 50 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। लगभग 2500 वर्गफीट में निर्मित होने वाले प्रत्येक महतारी सदन की लागत 24.70 लाख रूपए है, जिससे प्रत्येक महतारी सदन में एक हॉल, कमरा, किचन, स्टोर, दुकान, बाउड्रीवाल, प्रसाधन एवं बोरवेल का निर्माण कराया गया है।
महिला स्व-सहायता समूह की भूमिका
महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य की महिला स्व-सहायता समूह की 2 लाख सदस्य महिलाएं वर्चुअल रूप से जुड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से प्रेरित होकर, इन सदनों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने का लक्ष्य है।
द्वितीय चरण की योजना
राज्य सरकार ने द्वितीय चरण (2025-26) में 166 महतारी सदन निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस चरण में निर्मित होने वाले प्रत्येक सदन की लागत 30 लाख रुपये होगी।



