
रायपुर: Raipur Railway Station New Ticket Counter: राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए जनरल टिकट लेने की व्यवस्था बदलने जा रही है। अनारक्षित टिकट काउंटर को अब रेलवे आरक्षण केंद्र में स्थानांतरित किया जा रहा है। यानी आने वाले कुछ दिनों में यात्रियों को जनरल टिकट स्टेशन परिसर के बजाय आरक्षण केंद्र के भीतर से ही मिलेगा।
चरणबद्ध तरीके से हो रहा शिफ्टिंग
रेलवे वाणिज्य विभाग ने बताया कि प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभी तक एक टिकट काउंटर को स्थानांतरित किया जा चुका है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए तीन अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) लगाई गई हैं और चार मोबाइल टिकट सुविधा देने वाले कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। अगले 24 घंटों में एक और ATVM, 48 घंटों में दूसरा ATVM और 72 घंटों के भीतर सभी अनारक्षित टिकट काउंटर पूरी तरह आरक्षण केंद्र में शिफ्ट हो जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा पर खास ध्यान
टिकट शिफ्टिंग के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए वाणिज्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। कंट्रोल रूम में हर घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही 24×7 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और चीफ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी खुद स्थिति का जायजा ले रहे हैं और अधीनस्थ अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा कर रहे हैं।



