
रायपुर: CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। शनिवार को बंगाल की खाड़ी से उठे मानसूनी सिस्टम का असर प्रदेशभर में साफ नजर आया। बीते 24 घंटे में राज्य के लगभग सभी संभागों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश दर्ज की गई। बस्तर क्षेत्र में आने वाले 5 दिनों तक बादल जमकर बरस सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
बस्तर रहेगा तरबतर, गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी अलर्ट
Today Weather News: भारतीय मौसम विभाग की मानें तो उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक अवदाब (कम दबाव का क्षेत्र) बना हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके साथ ही मानसून की ट्रफ लाइन भी बीकानेर, सीकर, मध्य प्रदेश के सीधी, डाल्टनगंज, पुरुलिया, कोंटई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
CG IMD Alert: इन्हीं मौसमीय गतिविधियों के चलते राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल गरजेंगे, बिजली चमकेगी और पानी खूब बरसेगा। कुछ जगहों पर वज्रपात की भी आशंका है। यानी कि सावधानी जरूरी है।
राजधानी रायपुर का हाल
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर में भी आसमान इन दिनों रूठा-रूठा सा नहीं, बल्कि कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां भी आज आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। गर्मी से राहत जरूर है, लेकिन उमस अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है।
राज्य में तापमान का उतार-चढ़ाव
Weather Update: शुक्रवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे ठंडी सुबह दुर्ग ने दी, जहां न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
किसानों के लिए बारिश
Rain Alert: प्रदेश के किसानों के लिए यह समय बेहद अहम है। बारिश का ये दौर खरीफ की फसलों के लिए वरदान साबित हो सकता है। लेकिन साथ ही वज्रपात और गरज-चमक को लेकर सतर्क रहना भी जरूरी है। मौसम की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर घर में ही रहें।



