
अंबिकापुर: Ambikapur Crime News: सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है। यहां 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ चार युवकों ने शराब के नशे में सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई वारदात?
Ambikapur News: पुलिस के मुताबिक, बीते शनिवार की शाम पीड़िता अपने साथी के साथ साप्ताहिक बाजार से लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही चार युवकों बिलसन खेस, संजय खेस, कुनाल केरकेट्टा और एक नाबालिग आरोपी ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले किशोरी के साथी की पिटाई की और फिर पीड़िता को जबरन बंधक बनाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
परिजनों को बताई आपबीती
घटना से सहमी पीड़िता ने अगले दिन अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद मंगलवार को परिजन थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बतौली पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में लिया। बुधवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेजा गया, जबकि एक नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का बयान
सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने पुष्टि करते हुए कहा कि “नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराधों में पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करती है। इसी वजह से तत्काल कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।”
क्षेत्र में आक्रोश
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सके।
Also Read: शादी का झांसा देकर पादरी ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार



