
रायपुर: छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CGBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी टाइम टेबल के अनुसार, 12वीं कक्षा की परीक्षाएँ 20 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि 10वीं कक्षा की परीक्षाएँ 21 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड सेक्रेटरी पुष्पा साहू ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने स्कूल प्रबंधन को छात्रों के फॉर्म और प्रैक्टिकल की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पहली बार डेढ़ महीने पहले आया शेड्यूल, CBSE पैटर्न का पालन
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पहली बार परीक्षा शुरू होने से लगभग डेढ़ महीने पहले ही टाइम टेबल जारी कर दिया है। माशिमं हर साल दिसंबर के अंत तक ही बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी करता रहा है, जब तक छात्रों के परीक्षा फॉर्म भर दिए जाते थे। बोर्ड द्वारा इस बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पैटर्न को फॉलो किया जा रहा है, ताकि छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

एक्सपर्ट की सलाह: पुराने प्रश्न पत्रों का अभ्यास करें छात्र
बोर्ड द्वारा टाइम टेबल जारी होने के बाद छात्रों को एक्सपर्ट द्वारा सलाह दी गई है कि वे अपने पूरे सिलेबस को दोबारा पढ़ें और पुराने प्रश्न पत्रों का अभ्यास करें। माशिमं ने आश्वासन दिया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पूरी व्यवस्था, निगरानी और सुरक्षा रखी जाएगी, ताकि परीक्षाएँ बिना किसी समस्या के ठीक तरह से संपन्न हो सकें।

प्लानिंग में मिलेगी मदद, छात्र कर पाएंगे बेहतर प्रदर्शन
परीक्षा शेड्यूल को समय से पहले जारी करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि छात्र इसकी मदद से अपनी पढ़ाई की प्लानिंग पहले से बना सकेंगे। प्लानिंग से तैयारी करने पर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में आसानी होगी। बोर्ड का यह निर्णय शैक्षणिक सत्र को समय पर पूरा करने और परिणाम को जल्दी घोषित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।



