फर्जीवाड़ा: रेल कर्मी दंपत्ति को दस्तावेजों में मार डाला… फिर फर्जी तरीके से बेटी बनकर बेच दी जमीन, पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

बिलासपुर: रेलवेकर्मी दंपत्ति को दस्तावेजों में मृत घोषित कर उनकी जमीन फर्जी तरीके से बेचने के आरोप में पुलिस ने एक फरार महिला को गिरफ्तार किया है। तोरवा थाना क्षेत्र के इस अजीबोगरीब मामले में आरोपी महिला सावित्री तिवारी (राजकिशोर नगर) ने धोखाधड़ी के लिए एक पूरी कहानी गढ़ी थी। दंपत्ति के जीवित होने के बावजूद सावित्री ने उन्हें कागजों में मृत दिखा दिया और खुद को उनकी सगी बेटी बताकर जमीन का सौदा कर दिया।

फर्जी बेटी बनकर कूटरचित दस्तावेज़ों से बेचा प्लॉट

शांतनु कुमार सेनापति और उनकी पत्नी अनुराधा सेनापति के जीवित होने के बावजूद, आरोपी सावित्री तिवारी ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेज़ तैयार किए। उसने दस्तावेजों में दंपत्ति को मृत दिखाया और खुद को उनकी सगी बेटी साबित कर दिया। इसके बाद, उसने धोखाधड़ी से दंपत्ति की जमीन को अलग-अलग लोगों को बेच दिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जमीन खरीदने वालों को कैसे गुमराह किया गया और क्या वे इस साजिश में शामिल थे।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

जब जमीन बिकने की जानकारी अनुराधा सेनापति को मिली, तो उन्होंने तुरंत तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सावित्री तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया। घटनाक्रम के बाद से सावित्री लगातार फरार चल रही थी, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी।

फरार आरोपी गिरफ्तार, आगे की पूछताछ जारी

तोरवा थाना की टीआई अभय सिंह बैस की टीम ने लगातार तलाश के बाद सावित्री तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने जमीन सौदे और नकली दस्तावेजों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस संगठित ठगी में सावित्री के साथ कोई और व्यक्ति या गैंग भी शामिल था या नहीं।

Also Read: 26 नवंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, जिलाध्यक्षों की लिस्ट जल्द जारी होने की संभावना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button