
रायपुर: गृह (पुलिस) विभाग ने विभागीय छानबीन समिति की अनुशंसा पर राज्य पुलिस सेवा के 36 अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान से वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान में पदोन्नत किया है। राज्य सरकार के इस फैसले से राज्य पुलिस सेवा के अफसरों को आईपीएस अवार्ड मिलने से पूर्व यह सर्वोच्च वेतनमान प्राप्त हुआ है। अब इनकी पदस्थापना पुलिस अधीक्षक या उसके समकक्ष रैंक में भी की जा सकती है। सामान्यतः यह वेतनमान 16 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर चुके अधिकारियों को मिलने की पात्रता होती है। इस बात का ध्यान रखते हुए वर्तमान सरकार ने 16 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सभी अधिकारियों को एक साथ वरिष्ठता और वेतन वृद्धि का लाभ दिया है, जिससे पुलिस अधिकारियों के मनोबल में निश्चित रूप से वृद्धि होगी।
वेतनमान और पदोन्नति की औपचारिक घोषणा जारी
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रवर श्रेणी के 36 अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान में पदोन्नति प्रदान की गई है। आदेश में कहा गया कि 18 नवंबर 2025 को संपन्न हुई छत्तीसगढ़ छानबीन समिति की बैठक के बाद इन अधिकारियों को ₹37,400–₹67,000 वेतनमान एवं ₹8,700 ग्रेड पे (मेट्रिक्स लेवल-15) में नियुक्त किया गया है।





