
कबीरधाम जिले के पंडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधियारखोर गांव में एक धार्मिक स्थल पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। असामाजिक तत्वों ने गांव के प्राचीन ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को न केवल खंडित किया, बल्कि उसे उखाड़कर दूर फेंक दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर की यह हालत देखी, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग इस घटना को गांव की शांति भंग करने की साजिश मान रहे हैं और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पंडातराई पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।



