कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के खिलाफ जाँच रिपोर्ट जल्द, बिलासपुर कमिश्नर दो-तीन दिनों में सौंपेंगे शासन को रिपोर्ट

रायपुर: Korba News: बिलासपुर कमिश्नर द्वारा पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर की शिकायत पर कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के खिलाफ की गई जाँच लगभग पूरी हो गई है। बताया जा रहा है कि कमिश्नर दो-तीन दिनों के भीतर यह जाँच रिपोर्ट शासन को सौंप देंगे। बिलासपुर कमिश्नर सुनील कुमार जैन ने मीडिया को बताया कि पूर्व गृहमंत्री की शिकायत पर रिपोर्ट मांगी गई थी, जाँच पूरी हो चुकी है और अब रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।

कलेक्टर को हटाने के लिए ननकी राम ने दिया था धरना प्रदर्शन का अल्टीमेटम

गौरतलब है कि पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत पर 14 बिन्दुओं पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। कंवर ने रायपुर आकर कलेक्टर के खिलाफ शिकायतों की जाँच कराने और उन्हें पद से हटाने के लिए दबाव बनाया था, साथ ही धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने ननकीराम कंवर से चर्चा की थी। शिकायतों की जाँच कराने के आश्वासन के बाद कंवर ने अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया था।

कमिश्नर ने दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर तैयार किया प्रतिवेदन

मुख्यमंत्री ने ननकी राम कंवर की शिकायतों की जाँच का जिम्मा बिलासपुर कमिश्नर को सौंपा था। बताया गया कि कमिश्नर ने बिन्दुवार शिकायतों की जाँच कराई है। कमिश्नर ने कंवर से उनके आरोपों के दस्तावेजी प्रमाण भी मांगे थे, जो उन्होंने उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा, कमिश्नर ने कलेक्टर अजीत बसंत से भी आरोपों के संबंध में चर्चा की थी। सभी पक्षों को सुनने और दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर जाँच प्रतिवेदन तैयार किया गया है। अब इसी जाँच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर अजीत बसंत पर अगला फैसला लिया जाएगा।

Also Read: VIDEO: छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल: PM मोदी के एक बयान से मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज़, क्या छत्तीसगढ़ में लागू होगा गुजरात फॉर्मूला?

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button