CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बस्तर को अलग राज्य बनाने की मांग पर CM साय का बड़ा बयान, धरसीवां में टाटा मैजिक से अज्ञात शव बरामद, बिलासपुर में सुपरवाइजर हत्याकांड का खुलासा, सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर ग्रामीणों का हंगामा, जन्माष्टमी में मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान सवा लाख की नोटों की बारिश, शिक्षक पदोन्नति मामले में हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश, राजनांदगांव के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की बदहाली, CGPSC इंटरव्यू चयन विवाद पर आयोग की सफाई, मरवाही में मृत भालू के नाखून काटने वाले दो गिरफ्तार और बेमेतरा में 200 बंदियों की क्षमता वाली ओपन जेल तैयार समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

बस्तर को अलग राज्य बनाने की मांग पर सीएम साय का बयान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली दौरे से लौटने के बाद बस्तर को अलग राज्य बनाने की मांग करने वालों को ‘विकास विरोधी’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है और वहां विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

धरसीवां में टाटा मैजिक वाहन से अज्ञात शव बरामद

रायपुर जिले की धरसीवां पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन से अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद की है। पुलिस की गश्त गाड़ी को देखकर आरोपी वाहन और शव को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

बिलासपुर में सुपरवाइजर हत्याकांड का खुलासा

तोरवा थाना क्षेत्र के आरपीएफ कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर नरेश गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आया कि मामूली विवाद और थप्पड़ मारने की रंजिश के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था।

रायगढ़ में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हंगामा

खरसिया विधानसभा क्षेत्र के तारापुर गांव में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उप सरपंच की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। पूर्व मंत्री और विधायक उमेश पटेल भी समर्थकों के साथ धरने पर बैठे।

बिलासपुर में मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान नोटों की बारिश

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बिलासपुर के गोंड़पारा में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान युवाओं की टोली पर खुलेआम सवा लाख रुपये बरसाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसी बीच शहर में मटकी बांधते समय एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

शिक्षक पदोन्नति मामले में हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक (टी-कैडर) पदोन्नति को लेकर एक अहम अंतरिम राहत दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने TET प्राथमिक या पेपर-1 की परीक्षा पास नहीं की थी, उनकी पदोन्नति प्रक्रिया के तहत होने वाली नियुक्तियां इस रिट याचिका के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगी। यह आदेश महेश राम आदिल एवं अन्य द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

राजनांदगांव अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की दुर्दशा

राजनांदगांव के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं की कमी साफ तौर पर देखी जा रही है। टर्फ में पानी छिड़कने वाली स्प्रिंकलर मशीन खराब होने के कारण खिलाड़ियों को खुद बाल्टी से पानी लाकर टर्फ पर जमी काली मिट्टी को साफ करना पड़ रहा है। करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम में नया एस्ट्रोटर्फ लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

CGPSC मुख्य परीक्षा इंटरव्यू चयन पर आयोग की सफाई

सीजीपीएससी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के इंटरव्यू चयन को लेकर बढ़े विवाद पर आयोग ने स्थिति स्पष्ट की है। आयोग का कहना है कि तीन गुना यानी 795 के बजाय केवल 608 अभ्यर्थी ही इसलिए पात्र हो सके क्योंकि कई उम्मीदवार प्रत्येक प्रश्नपत्र में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने में असफल रहे। साथ ही पुनर्मूल्यांकन के प्रावधान से इनकार करते हुए परिणाम के बाद ओएमआर शीट और कटऑफ जारी करने की बात कही गई है।

मरवाही वन परिक्षेत्र में मृत भालू के नाखून काटने वाले गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र में मृत भालू के पंजे से चार नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डॉग स्क्वॉड की मदद से पकड़े गए आरोपियों के पास से नाखून बरामद कर लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भालू की मौत का कारण फेफड़ों का संक्रमण बताया गया है।

बेमेतरा के पथर्रा में 200 बंदियों की ओपन जेल तैयार

छत्तीसगढ़ की जेलों में बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित करने और बंदियों के पुनर्वास के लिए बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में 200 कैदियों की क्षमता वाली ओपन जेल तैयार कर ली गई है। राज्य सरकार ने इसके सुचारू संचालन के लिए ‘छत्तीसगढ़ ओपन जेल (संचालन एवं प्रबंधन) नियम, 2026’ अधिसूचित कर दिए हैं।

Also Read: VIDEO: कोल्डड्रिंक की बोतल में महुआ शराब लेकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, BEO ने थमाया नोटिस, वीडियो वायरल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button