Video: अजय चंद्राकर ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर कसा तंज, बोले- “इतनी हसरत है तो एक दिन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठा देंगे” TS बाबा बोले ‘मैं नायक फिल्म का अनिल कपूर बनने को तैयार’

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तीखी हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के कद्दावर नेता टी.एस. सिंहदेव पर जोरदार कटाक्ष किया है। चंद्राकर ने कहा कि अगर सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने की इतनी प्रबल इच्छा है, तो वे उन्हें केवल एक दिन के लिए ही सही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित करवा देंगे।

“हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, यहीं पूरी कर लें”

Ajay Chandrakar Statement: पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सिंहदेव की लंबे समय से दबी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर चुटकी लेते हुए कहा, “अब जैसे बच्चों को खेल-खेल में एक दिन का कलेक्टर या ऑफिसर बना दिया जाता है, वैसे ही एक दिन के लिए सिंहदेव को भी कुर्सी पर बिठा दें तो उनकी हसरत पूरी हो जाएगी। हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, उसे यहीं पूरा कर लेना चाहिए।”

चंद्राकर यहीं नहीं रुके। उन्होंने सिंहदेव के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद स्वीकार करते थे कि उन्हें गांधी परिवार ने धोखा दिया।

कांग्रेस पर ’50-50′ समझौते को लेकर निशाना

MLA Ajay Chandrakar: चंद्राकर ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी तंज कसा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “वो खुद कहा करते थे कि कांग्रेस में ’50-50′ का समझौता हुआ था, लेकिन नतीजा क्या हुआ? कुछ नहीं मिला। अगर अपनी राजशाही का थोड़ा हिस्सा बेचकर कुछ दे देते, तो शायद मुख्यमंत्री बन जाते।”

T.S. Singhdev: उन्होंने कांग्रेस पार्टी की खराब आंतरिक स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि भूपेश बघेल के करीबी विधायक और मंत्री तक यह कहने लगे थे कि ‘बाबा साहब से मेरी जान को खतरा है।’ चंद्राकर ने कहा कि यही हालत पूरी कांग्रेस की थी, और अब वे खुद देख लें कि प्रदेश की जनता ने उन्हें किस हाल में पहुंचा दिया है।

देखिये वीडियो-

CG Politics: गौरतलब है कि टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच ‘ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फॉर्मूले’ को लेकर चली लंबी खींचतान छत्तीसगढ़ की सियासत में हमेशा चर्चा का विषय रही है। अजय चंद्राकर के इस बयान ने उस पुरानी राजनीतिक बहस को एक बार फिर हवा दे दी है।

कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी : अजय चंद्राकर

बिलासपुर प्रवास पर पहुंचे पूर्वमंत्री व सीनियर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और MP के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर जमकर निशाना साधा है। मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी है। कांग्रेस के लोग दिल्ली में जाकर एक परिवार का चाटते हैं और नीचे में सभी एक दूसरे को काटते हैं।

अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता के दरबारी नहीं है बल्कि दिल्ली के दरबारी हैं। यही कांग्रेस का असली चरित्र है। कांग्रेस में कोई विश्वसनीयता नहीं है। आगे MP के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर निशाना साधते हुए कहा कि उमंग सिंघार के पास कोई अनुभव नहीं है। कमलनाथ के एक बार मंत्री रहे हैं। पीछे-पीछे घूमने वाले उमंग सिंघार का स्वतंत्र अस्तित्व कुछ नहीं है। उमंग सिंघार खुद कमलनाथ के रिमोट हैं। परजीवी का कोई स्वतंत्र दिमाग नहीं होता है। उमंग अपनी योग्यता से नेता प्रतिपक्ष नहीं हैं।

मैं नायक फिल्म का अनिल कपूर बनने को तैयार : टीएस सिंहदेव

इधर अजय चंद्राकर के बयान पर जवाब देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि ‘मैं मुख्यमंत्री बनने के लिए मना नहीं करूंगा, अजय चंद्राकर के बयान पर बोलते हुए TS सिंहदेव ने कहा कि ‘मैं नायक फिल्म का अनिल कपूर बनने तैयार हूं। मैं आ रहा हूं अजय चंद्राकर जी से मिलने, राज्यपाल से समय ले लें, फिर प्रक्रिया बढ़ाते हैं। TS सिंहदेव ने कहा कि अजय चंद्राकर काबिल हैं फिर भी खुद मंत्री नहीं बन सके। मगर मुझे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। मुझे ऊपर भी भेज रहे हैं उस भावना के लिए भी धन्यवाद। टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह पूरा बयान हंसी ठिठोली वाला बयान है।

अरुण साव बोले नहीं पूरी होगी यह इच्छा

वहीं इस मामले में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि जब मौका था तब टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया, कांग्रेस के हालात के चलते उनकी यह इच्छा पूरी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आने की कोई गुंजाइश नहीं है।

भूपेश बघेल ने अलोकतांत्रिक बताया

वहीं अजय चंद्राकर के इस बयान पर कि ‘TS सिंहदेव को 1 दिन का CM बनाएंगे’ पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अलोकतांत्रिक बताया है। भूपेश बघेल ने कहा कि अजय चंद्राकर की बात अलोकतांत्रिक है, जाते-जाते एक दिन के लिए बना देने का मतलब क्या है? इसका मतलब ये संविधान को नहीं मानते।

Also Read: छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग की सख्ती: इन 11 राजनीतिक पार्टियों को नोटिस, मांगी ऑडिट रिपोर्ट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button