
धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम जबर्रा स्थित काजल नाला में भारी बारिश के कारण आए बाढ़ के पानी में बहने से एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
नाला पार करते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान मनिहाल सिंह मरकाम (30 वर्ष), पिता विशाल राम मरकाम निवासी ग्राम रावणडीग्गी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 5 बजे मनिहाल सिंह दुगली की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसने काजल नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से वह बह गया।

अगले दिन मिला शव
दुगली थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने जानकारी दी कि ग्रामीणों को सोमवार सुबह लगभग 8 बजे युवक का शव मिला। इसकी सूचना तत्काल दुगली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नगरी सिविल अस्पताल भेज दिया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से भारी बारिश के दौरान नाले और नदी-नालों को पार करने से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके।



