रेल पटरी पर बैठकर खेल रहे थे फ्री फायर, कान में लगा था ईयरफोन, मालगाड़ी की चपेट में आए दोनों बच्चे

CG Railway Track Accident: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सकरेलीभाठा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो किशोर मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में 14 वर्षीय टिकेश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नवीन खांडे गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने में व्यस्त थे। इसी वजह से उन्हें सामने से आ रही मालगाड़ी की आवाज और हॉर्न सुनाई नहीं दिया।

कान में लगा था ईयरफोन, गेम में ध्यान होने से नहीं दिखा खतरा

Janjgir Champa News: घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सकरेलीभाठा निवासी टिकेश साहू पिता श्रवण साहू और नवीन खांडे पिता नामप्रकाश खांडे गांव के पास से गुजरने वाली रेल पटरी पर बैठे हुए थे। दोनों ने कान में ईयरफोन लगा रखा था और पूरी तरह से गेम में ध्यान लगाए बैठे थे। इसी बीच बाराद्वार की दिशा से एक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ पहुंची। ईयरफोन लगे होने के कारण दोनों समय रहते ट्रैक से हट नहीं सके और ट्रेन की चपेट में आ गए।

एक छात्र की मौके पर ही हुई मौत, दूसरा चांपा अस्पताल रेफर

Free Fire Game Accident CG: मालगाड़ी की सीधी टक्कर से कक्षा 9वीं के छात्र टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नवीन खांडे के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल नवीन को पहले बाराद्वार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे चांपा के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।

प्रसाद लेने गणेश पंडाल चले गए थे दो दोस्त, टल गया बड़ा हादसा

घटनास्थल के पास ही गणेश भगवान का पंडाल लगा हुआ था। गांव के लोगों ने बताया कि मोहल्ले के लगभग आधा दर्जन बच्चों की अक्सर पटरी के पास बैठकर गेम खेलने की आदत थी। हादसे से करीब 15 मिनट पहले तक चार बच्चे एक साथ वहां बैठे थे। इनमें से दो बच्चे पंडाल में प्रसाद लेने चले गए, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। जबकि टिकेश और नवीन पटरी पर ही रुके रह गए और हादसे का शिकार हो गए।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

अगली सुबह स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। औपचारिक प्रक्रियाओं और पोस्टमार्टम के बाद टिकेश साहू का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास न जाने और बच्चों को मोबाइल गेम के खतरों से जागरूक करने की अपील की है।

Also Read: चार्जिंग से निकालते ही ई-स्कूटर में ब्लास्ट, 10 मिनट में जलकर हुई खाक, पीड़ित ने कंपनी को दी सूचना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button