डायल 112 की तर्ज पर देशभर में बनेगा एकीकृत प्लेटफॉर्म: DGP-IG कॉन्फ्रेंस में PM मोदी ने दिए निर्देश

रायपुर: IIM नवा रायपुर में आयोजित 60वीं अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस का समापन हो गया है। समापन सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्देश दिए कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए डायल 112 की तर्ज पर देशभर में एक एकीकृत प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर राज्य की पुलिस तुरंत प्रतिक्रिया दे सके और कार्रवाई को तेज किया जा सके। यह कदम आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

अंतिम सत्र में AI पुलिसिंग और सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा

कॉन्फ्रेंस के अंतिम दिन उन राज्यों को प्रेजेंटेशन देने का मौका मिला, जो पिछले दिन अपनी रिपोर्ट पूरी नहीं कर पाए थे। पहले सत्र में पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल, उसकी चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। दूसरे सत्र में गाइडलाइन तैयार करने से जुड़ी प्रक्रियाओं पर फोकस रहा। राज्यों से मिले इनपुट और सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों को देखते हुए अंतिम ड्राफ्ट को रूप दिया गया।

एक ‘मॉडल स्टेट’ की कामयाबी देश भर में होगी लागू

कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए एक मॉडल स्टेट भी चुना गया। इस मॉडल स्टेट की कामयाब प्रैक्टिस को पूरे देश में लागू करने की योजना है, ताकि पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के ढाँचे को बेहतर बनाया जा सके। सम्मेलन ने देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर खुले और सार्थक विचार-विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

पीएम मोदी ने छात्रों से की मुलाकात, परीक्षा पर की बात

कॉन्फ्रेंस के समापन के बाद प्रधानमंत्री ने कॅरियर और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्कूली छात्रों से मुलाकात की। नए स्पीकर हाउस एम-1 में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और सरकारी स्कूलों के करीब 30 छात्रों के साथ उनकी संवादात्मक बातचीत हुई। प्रधानमंत्री समय-समय पर छात्रों के साथ बातचीत कर उन्हें प्रेरित करते रहते हैं।

शनिवार को चला 13 घंटे का मैराथन सत्र, अमित शाह भी रहे मौजूद

इससे पहले शनिवार को कॉन्फ्रेंस का सबसे लंबा सत्र चला, जो करीब 13 घंटे तक जारी रहा। इस मैराथन बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेतृत्व संभाला। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विभिन्न राज्यों के डीजीपी और देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद थे। शनिवार की बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा और उभरती चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई।

Also Read: प्रदेश भर में लाखों लोगों के राशनकार्ड हो सकते हैं रद्द,  लिस्ट में कहीं आपका नाम तो नहीं?

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button