DSP कल्पना वर्मा पर आरोप लगाने वाले कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी

कोरबा: DSP कल्पना वर्मा पर प्रेम जाल (लव ट्रैप) और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाकर सुर्खियों में आए रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोरबा जिले की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कटघोरा की कोर्ट ने दीपक टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। यह वारंट 28 लाख रुपए की आर्थिक धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में जारी किया गया है।

कोर्ट में पेश न होने पर मजिस्ट्रेट ने जारी किया वारंट

कोर्ट सूत्रों के मुताबिक, दीपक टंडन को 12 दिसंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. रंजू वैष्णव की कोर्ट में पेश होना था। इसके लिए उन्हें नोटिस भी भेजा गया था। लेकिन निर्धारित तारीख पर उनकी अनुपस्थिति और जांच प्रक्रिया में बार-बार असहयोग के कारण कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का सख्त आदेश दिया। पुलिस अब दीपक टंडन की गिरफ्तारी के लिए कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।

कारोबारी पर 28 लाख रुपए की आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ यह कानूनी कार्रवाई कोरबा के एक फरियादी की शिकायत पर हो रही है। फरियादी ने टंडन पर लगभग 28 लाख रुपए की आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। यह मामला पिछले कुछ समय से कटघोरा कोर्ट में विचाराधीन था। कोर्ट के इस सख्त कदम ने डीएसपी कल्पना वर्मा और दीपक टंडन के बीच चल रहे विवाद में कारोबारी की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं।

DSP अरुण देव गौतम ने कहा- आधिकारिक शिकायत नहीं मिली

इस मामले को लेकर डीजीपी अरुण देव गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि डीएसपी कल्पना वर्मा पर लगाए गए आरोपों की कोई अधिकृत शिकायत उन तक नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिकायत आने पर मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं, रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने भी मामले में जांच होने की बात कही है।

डीएसपी पर करोड़ों के गिफ्ट लेने का आरोप लगाकर आए थे सुर्खियों में

रायपुर के व्यापारी दीपक टंडन हाल ही में तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने डीएसपी कल्पना वर्मा पर रिश्वत लेने, महंगे गिफ्ट लेने और प्रेम जाल में फंसाने जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए थे। टंडन ने दावा किया था कि उन्होंने डीएसपी को लगभग 2 करोड़ रुपए के गिफ्ट और नकदी दी थी। उन्होंने वॉट्सएप चैट सहित कई सबूत उपलब्ध कराने का भी दावा किया था। खुद टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने से अब यह पूरा मामला एक नया मोड़ ले चुका है।

पत्नी पर भी धोखाधड़ी का मामला लंबित, कानूनी शिकंजा कसा

दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन भी कानूनी मुश्किलों का सामना कर रही हैं। डीएसपी कल्पना वर्मा के पिता ने बरखा टंडन के खिलाफ 40 लाख रुपए के वित्तीय लेन-देन में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। यह मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है। इस तरह टंडन परिवार पर एक साथ कई कानूनी शिकंजे कस गए हैं, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं।

Also Read: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: “I Love You” कहना यौन उत्पीड़न नहीं, युवक को मिली राहत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button