Income Tax Raid: हिंदुस्तान कॉइल ग्रुप पर आयकर के छापे जारी, 300 करोड़ की चोरी का आकलन, अब तक 5 करोड़ कैश और 5 किलो सोना बरामद

रायपुर: हिंदुस्तान कॉइल ग्रुप और उसके संबंधित स्पंज आयरन और कॉइल व्यवसायों के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे लगातार जारी हैं। ग्रुप के मालिकों अरविंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल और विपिन अग्रवाल से जुड़े व्यावसायिक फर्मों, साथ ही ओम स्पंज और देवी स्पंज समेत कई संबंधित उद्यमों के रायपुर स्थित संस्थानों पर यह ऑपरेशन केंद्रित है। शुरुआती जांच में आयकर विभाग ने करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का आकलन किया है।

5 करोड़ नकद और 5 किलो सोना-जेवर जब्त

छापेमारी के दौरान अग्रवाल बंधुओं के ठिकानों से आयकर विभाग ने बड़ी मात्रा में अघोषित संपत्ति जब्त की है। अब तक की जाँच में कुल 5 करोड़ रुपये नकद (कैश) और 5 किलो सोना तथा जेवर बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 42 ठिकानों में से केवल एक की जांच पूरी हो सकी है। विभाग को 17 लॉकर की जानकारी मिली है, जिनमें से केवल दो ऑपरेट किए गए हैं और बाकी पर पीओ ऑर्डर चस्पा कर दिया गया है।

42 से ज़्यादा ठिकानों पर टीमें तैनात, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सीज

आयकर विभाग की टीमें एक साथ 42 से ज़्यादा जगहों पर पहुँची थीं, जिनमें कारखाने, कॉर्पोरेट कार्यालय और आलीशान आवास शामिल हैं। जांच के दौरान सिलतरा इंडस्ट्रियल एस्टेट, उर्ला इंडस्ट्रियल एरिया और तिल्दा क्षेत्र में 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों पर जांच चल रही है। टीमों ने बड़ी संख्या में लैपटॉप, डेस्कटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, साथ ही कच्चे पक्के लेन-देन के बिल को एविडेंस एक्ट के तहत सीज किया है। आयकर अफसर सभी संबंधितों के बयान दर्ज कर रहे हैं।

जाँच में 150 CRPF जवानों की मदद ली गई

ऑपरेशन की व्यापकता को देखते हुए लगभग 150 CRPF कर्मियों की मदद लेनी पड़ी, जिन्होंने सभी ठिकानों पर कड़ी सुरक्षा बनाए रखी। ऑपरेशन में रायपुर, भिलाई, दुर्ग और जगदलपुर से लगभग 40 आयकर अफसर जांच में लगाए गए हैं। यह बड़ी कार्यवाही कर चोरी के मामलों में विभाग की सख्ती को दर्शाती है।

IRS अधिकारी के रवि किरण कर रहे हैं पूरे ऑपरेशन की देखरेख

पूरे ऑपरेशन की देखरेख छत्तीसगढ़ के इनकम टैक्स (PDIT), इन्वेस्टिगेशन विंग के प्रिंसिपल डायरेक्टर और 1996 बैच के IRS अधिकारी के रवि किरण कर रहे हैं। फील्ड-लेवल कमांड जॉइंट डायरेक्टर इनकम टैक्स (JDIT) भरत शेगांवकर (IRS 2013 बैच) के पास थी, जबकि नवल जैन (IRS 2020 बैच) के नेतृत्व में भी जांच चल रही है।

Also Read: CG Assembly Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इन मुद्दों पर मचेगा हंगामा, पहले दिन छत्तीसगढ़ विजन पर होगी चर्चा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button