CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें राज्य स्थापना दिवस के दिन भी खुला रहेगा मेकाहारा अस्पताल, रायगढ़ में 50 लाख का गांजा जब्त, नवा रायपुर बनेगा IT हब और हाईटेक मेडिसिटी, 222 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित, लैब टेक्नीशियनों को मिलेगा ₹2800 ग्रेड पे, छत्तीसगढ़ी फिल्मों को मिला राष्ट्रीय मान्यता, जशपुर में जमीन विवाद में दो की मौत, नवा रायपुर में बनेगी 45 करोड़ की फूड एंड ड्रग लैब, खिलौना पिस्तौल से व्यापारी को धमकाने वाला गिरफ्तार, सरकारी नौकरी के नाम पर ₹7.24 लाख की ठगी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
राज्य स्थापना दिवस पर भी खुले रहेगा प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल मेकाहारा
Hospital Services: रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में 1 नवंबर को भी अस्पताल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी। राज्य स्थापना दिवस पर जहां सरकारी दफ्तरों और शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रहेगा, वहीं मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी और अन्य विभाग खुले रखने का निर्णय लिया है। संयुक्त संचालक और अधीक्षक ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि अस्पताल में सभी चिकित्सक और स्टाफ अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रायगढ़ में 50 लाख के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
Drug Trafficking: रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 50 लाख रुपये के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संतोष दास सरगुजा जिले का निवासी है, जो हुंडई कार में गांजा लेकर जा रहा था। तलाशी के दौरान 250 पैकेट, कुल 257.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सरगुजा से ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच सक्रिय नेटवर्क का खुलासा किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
नवा रायपुर के 12 सेक्टर तेजी से होंगे विकसित, बनेगा IT हब और हाईटेक मेडिसिटी
Smart City Development: नवा रायपुर प्रदेश की नई पहचान बनने जा रहा है। यहां 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें आईटी पार्क, स्पोर्ट्स अकादमी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मेडिसिटी का विकास शामिल है। मंत्रालय और विधानसभा भवन लगभग तैयार हैं, जबकि रेलवे स्टेशन का उद्घाटन जल्द होगा। नवा रायपुर में सीबीडी कॉम्प्लेक्स, गोकुल सुपर मार्केट और इमर्सिव एंटरटेनमेंट सेंटर भी शुरू होने जा रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार और निवेशकों को बड़ा अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ पुलिस का राष्ट्रीय गौरव: 222 कर्मियों को गृहमंत्री दक्षता पदक से नवाजा गया
CG Police Officers Award: छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए यह एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2025 के लिए ‘केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ (Union Home Minister’s Medal for Excellence) की घोषणा की है, जिसमें देशभर से कुल 1,466 कर्मियों में से 222 छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हैं। यह सम्मान हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर दिया जाता है। छत्तीसगढ़ के इन 222 कर्मियों को विशेष अभियान, अन्वेषण (जाँच), आसूचना और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
लैब टेक्नीशियनों को मिलेगा ₹2800 ग्रेड पे, बकाया राशि पर 6% ब्याज
Bilaspur High Court: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट (बिलासपुर उच्च न्यायालय) ने ‘समान कार्य, समान वेतन’ के सिद्धांत पर सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सरकार को आदेश दिया है कि प्रदेश के सभी लैब टेक्नीशियनों को उनकी नियुक्ति की तिथि से ₹2800 ग्रेड पे प्रदान किया जाए। जस्टिस दीपक कुमार तिवारी की एकलपीठ ने कहा कि समान योग्यता और समान जिम्मेदारी वाले कर्मचारियों को अलग-अलग वेतनमान देना प्राकृतिक न्याय और संवैधानिक समानता का उल्लंघन है, खासकर तब जब 2014 के विज्ञापन में ₹2800 ग्रेड पे दर्शाया गया था लेकिन नियुक्ति पर उसे घटाकर ₹2400 कर दिया गया। न्यायालय ने सरकार को दो माह के भीतर सभी बकाया राशि का भुगतान 6% वार्षिक ब्याज सहित करने का निर्देश दिया है, जिससे यह फैसला हजारों लैब टेक्नीशियनों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है और भविष्य में समान पदों पर वेतन विसंगति के लिए एक मिसाल बनेगा।
अब छत्तीसगढ़ी फिल्मों को मिलेगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्थान
Film Industry: राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के नियमों में संशोधन के बाद अब छत्तीसगढ़ी भाषा में बनी फिल्मों को भी मान्यता मिलेगी। बिलासपुर के कलाकार अखिलेश पांडेय के प्रयासों से यह ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को पत्र लिखकर यह मांग उठाई थी। अब भारत की गैर-अनुसूचित भाषाओं में बनने वाली फिल्मों को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिल सकेगा। यह कदम क्षेत्रीय सिनेमा और कलाकारों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
जशपुर में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष, दो लोगों की मौत
Land Dispute: जशपुर जिले के पाकरगांव में दो परिवारों के बीच पुराना जमीन विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चकरोधर यादव और पुस्तम नागवंशी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
नवा रायपुर में बनेगी 45 करोड़ की एडवांस फूड एंड ड्रग लैब
Food Lab: नवा रायपुर के सेक्टर-24 में फूड एंड ड्रग विभाग की अत्याधुनिक प्रयोगशाला बनने जा रही है। 45 करोड़ की लागत से बनने वाली इस चार मंजिला लैब में खाद्य सामग्री, दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों की उच्च तकनीक से जांच होगी। अब सैंपल को बाहर भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी और रिपोर्ट 14 दिन के भीतर मिल सकेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक यह लैब प्रदेश में मिलावटखोरी पर नियंत्रण की दिशा में बड़ी पहल साबित होगी।
खिलौना पिस्तौल से व्यापारी को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार
Fake Gun Case: जांजगीर पुलिस ने एक ऐसा मामला सुलझाया है जिसने लोगों में दहशत फैला दी थी। आरोपी कन्हैया कश्यप ने खोखसा ओवरब्रिज के पास व्यापारी की कार रोककर खिलौना पिस्तौल दिखाकर डराने की कोशिश की थी। व्यापारी की सूचना पर पुलिस ने CCTV फुटेज और साइबर तकनीक की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने यह सब “मज़े के लिए” किया था। पुलिस ने उसके पास से खिलौना पिस्तौल और बाइक जब्त की है।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर ₹7.24 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
Job Fraud: कांकेर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी अर्जुनदास महंत ने एक युवक से ₹7.24 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी को पेंड्रा-गौरेला-मरवाही से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से स्कॉर्पियो व मोबाइल जब्त किए। आरोपी युवाओं को सरकारी नौकरी का लालच देकर पैसे ऐंठता था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे किसी व्यक्ति पर भरोसा न करें जो सरकारी नौकरी के बदले पैसे मांगता हो।



