
राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में आज सरकारी बैंकों के दरवाजे ग्राहकों के लिए बंद रहेंगे। 24 जनवरी को दूसरा शनिवार, 25 को रविवार और 26 जनवरी की छुट्टी के बाद आज 27 जनवरी को बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने हफ्ते में पांच दिन काम करने की व्यवस्था को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर यह कदम उठाया है। लगातार छुट्टियों और अब हड़ताल की वजह से आम लोगों को पैसों के लेनदेन और चेक क्लियरेंस जैसे जरूरी कामों के लिए लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
सरकारी बैंकों में सन्नाटा, निजी सेक्टर में काम जारी
इस हड़ताल का असर मुख्य रूप से स्टेट बैंक, पीएनबी और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे 12 सरकारी बैंकों पर पड़ेगा। सार्वजनिक क्षेत्र के लगभग सभी बैंकों ने अपने ग्राहकों को सेवाओं में होने वाली रुकावट के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था। राहत की बात यह है कि एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और एक्सिस जैसे निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से चलेगा। बैंक यूनियन अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है, जिसके कारण शहर के एटीएम में भी नकदी की किल्लत होने की आशंका जताई जा रही है।



