CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें दंतेवाड़ा में रोड डी-माइनिंग के दौरान 5 किलो IED बरामद कर नष्ट; ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ में छत्तीसगढ़ अव्वल, पालक पंजीयन में देश में पहला स्थान; बालोद जंबूरी 2026 टेंडर पर कांग्रेस का भ्रष्टाचार आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग; बलौदाबाजार में नए साल पर 5 करोड़ की शराब बिक्री; जशपुर में मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार; सरगुजा में नशे में धुत शिक्षक का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर सवाल; रायपुर क्राइम रिपोर्ट 2025 में अपराधों में 11% गिरावट; ‘बस्तर पंडुम’ में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी भी छत्तीसगढ़ को; गरियाबंद में 71 लाख बकाया पर 386 बिजली कनेक्शन कटे; राजधानी रायपुर में मतदाता सूची से 5 लाख नाम कटने की तैयारी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

रोड डी-माइनिंग के दौरान 5 किलो का आईईडी बरामद कर किया नष्ट

दंतेवाड़ा के मालेवाही थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने की एक बड़ी साजिश को टाल दिया गया है। सीआरपीएफ 195 बटालियन और जिला बल की संयुक्त टीम जब सातधार से मालेवाही की ओर रोड डी-माइनिंग ड्यूटी पर निकली थी, तभी सड़क किनारे जंगल में एक पुराना प्रेशर कंटेनर आईईडी (IED) बरामद हुआ। करीब 5 किलोग्राम वजनी इस बम को सीआरपीएफ की बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

परीक्षा पे चर्चा 2026: छत्तीसगढ़ ने देशभर में गाड़ा सफलता का झंडा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “परीक्षा पे चर्चा 2026” में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अभिभावकों (पालकों) के पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ 81,533 पंजीकरणों के साथ देश में प्रथम स्थान पर रहा है। कुल प्रतिभागियों की संख्या 25.16 लाख पहुँच गई है, जिसमें राज्य राष्ट्रीय स्तर पर चौथे स्थान पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों की जागरूकता को दिया है। पंजीयन की प्रक्रिया 11 जनवरी तक जारी रहेगी।

बालोद जंबूरी 2026: टेंडर में कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग की

बालोद जिले में प्रस्तावित ‘जंबूरी 2026’ के आयोजन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 3 जनवरी को टेंडर खुलने से पहले ही एक निजी कंपनी ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में काम शुरू कर दिया था। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने सवाल उठाया कि जेम (GeM) पोर्टल की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही जानकारी कैसे लीक हुई और किसके आदेश पर काम शुरू हुआ। कांग्रेस ने इस मामले में विभागीय मंत्री और अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है।

बलौदाबाजार जिले में नए साल के जश्न में 5 करोड़ की शराब गटक गए लोग

बलौदाबाजार जिले में नववर्ष 2026 के स्वागत में शराब की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को जिले में कुल 5 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिकी। आबकारी विभाग के अनुसार, देसी शराब के दामों में ₹10 की कटौती और जिले में खुली 4 नई प्रीमियम शॉप्स ने राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी की। हालांकि, पुलिस की सख्ती और चेकिंग के कारण कुछ शहरी क्षेत्रों में बिक्री पर आंशिक प्रभाव भी पड़ा।

मानसिक रूप से कमजोर युवती से गौशाला में दुष्कर्म के वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक 26 वर्षीय गूंगी-बहरी और मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ गांव के ही माइकल टोप्पो (36 वर्ष) ने दुष्कर्म किया। घटना उस समय हुई जब परिजन जंगल गए थे और युवती घर पर अकेली थी। परिजनों के लौटने पर आरोपी उसे आपत्तिजनक स्थिति में मिला और भाग निकला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शिक्षा का बुरा हाल, नशे में धुत शिक्षक ने स्कूल में किया तमाशा

सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक में एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक का शर्मनाक वीडियो सामने आया है। शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर बच्चों को पढ़ा रहा था। ग्रामीणों और पत्रकारों के पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसने लंच ब्रेक में 20 रुपये की महुआ शराब पी थी। स्कूल में अन्य शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण बच्चे इसी नशेड़ी शिक्षक के भरोसे थे। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रायपुर क्राइम रिपोर्ट 2025: अपराधों में 11% की गिरावट, कानून-व्यवस्था सुधरी

राजधानी रायपुर के लिए राहत की खबर है। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में कुल अपराधों (FIR) में 11 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या के 90 में से 85 मामलों को सुलझा लिया गया है। नशे के कारोबार पर भी पुलिस ने बड़ी चोट की है और करीब 2.78 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। हालांकि, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें अभी भी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

‘बस्तर पंडुम’ में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आएंगी छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के ‘बस्तर पंडुम’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ को पहली बार ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी मिली है, जिसमें केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया भी शामिल होंगे। यह आयोजन राज्य की आदिवासी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

बिजली विभाग ने 386 कनेक्शन काटे, GPS के जरिए ऑनलाइन डिस्कनेक्शन

गरियाबंद जिले के राजिम में विद्युत वितरण कंपनी ने बकाया वसूली के लिए कड़ा रुख अपनाया है। 71.35 लाख रुपये का बिल बकाया होने पर विभाग ने जीपीएस (GPS) तकनीक का उपयोग कर एक साथ 386 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर के साथ छेड़छाड़ करने वाले 31 लोगों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

राजधानी में मतदाता सूची से 5 लाख नाम कटने की तैयारी

रायपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बाद करीब 5.11 लाख मतदाताओं के नाम काटे जा सकते हैं। इनमें से अधिकतर वे लोग हैं जो जिला छोड़ चुके हैं या जिनका सत्यापन नहीं हो पाया है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने कैटेगरी-सी के 1.33 लाख संदिग्ध मतदाताओं को नोटिस जारी कर 13 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर अपनी नागरिकता और निवास सिद्ध करने को कहा है। वर्तमान में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 14.89 लाख है।

Also Read: CG Protest New Rule: राजधानी रायपुर में अब आसान नहीं होगा धरना–प्रदर्शन, चार विभागों से लेनी होगी अनुमति, निगम की सबसे जरूरी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button