NTPC के सहयोग से नवा रायपुर में खुलेगी राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी, ₹68.20 करोड़ के अनुदान पर हुआ त्रिपक्षीय समझौता

रायपुर: छत्तीसगढ़ में खेलों, खासकर तीरंदाजी को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी NTPC ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व CSR पहल के तहत नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी स्थापित करने के लिए ₹ 68.20 करोड़ का वित्तीय अनुदान देने की घोषणा की है।

अकादमी स्थापना के लिए हुआ त्रिपक्षीय करार

इस राष्ट्रीय अकादमी की स्थापना के लिए आज NTPC के नवा रायपुर कार्यालय में एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर NTPC की ओर से दिवाकर कौशिक (क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(WR-II और CEO (NSPCL), नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण NRANVP की ओर से CEO चंदन कुमार IAS, और छत्तीसगढ़ सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग की निदेशक तनुजा सलाम IAS ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर राज्य सरकार और NTPC के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

13.47 एकड़ में फैलेगी अत्याधुनिक सुविधा

यह तीरंदाजी अकादमी नवा रायपुर अटल नगर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, ग्राम परसदा के पास सेक्टर-3 में ₹13.47 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। अकादमी का उद्देश्य नवोदित तीरंदाजों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण और मंच प्रदान करना है।

प्रमुख सुविधाएं:

  • 30 लेन की आउटडोर तीरंदाजी रेंज
  • वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी सुविधा
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन केंद्र
  • खिलाड़ियों के लिए छात्रावास और कर्मचारियों के आवास
  • आधुनिक उपकरण, शूटिंग वीडियो विश्लेषण प्रणाली और डिजिटल स्कोरबोर्ड
  • दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और 30 मीटर ऊंची हाई मास्ट लाइटिंग
  • पर्यावरण हितैषी सौर पैनल (भवनों और पार्किंग क्षेत्रों के लिए)

नवोदित खिलाड़ियों को मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय मंच

इस अवसर पर NTPC के दिवाकर कौशिक ने खेलों को बढ़ावा देने में कंपनी के निरंतर प्रयासों पर बल दिया और विश्वास जताया कि यह सुविधा नवोदित तीरंदाजों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेगी।

NRANVP के CEO चंदन कुमार ने NTPC के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि प्राधिकरण इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय अकादमी छत्तीसगढ़ की छिपी हुई तीरंदाजी प्रतिभाओं को उपयुक्त मंच प्रदान करेगी।

खेल निदेशक तनुजा सलाम ने कहा कि यह अकादमी राज्य में खेलों, खासकर तीरंदाजी के विकास को गति देगी। उन्होंने यह भी बताया कि NTPC नया रायपुर के अलावा, छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की शन्ना तहसील में स्थापित की जाने वाली ग्रासरूट तीरंदाजी अकादमी के लिए भी ₹20.53 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है।

Also Read: साय सरकार का ऐतिहासिक फैसला: जमीन की खरीदी-बिक्री में ऋण पुस्तिका की अनिवार्यता की खत्म…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button