
रायपुर: Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ इलाके में सोमवार को एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक सुनसान जगह पर रखे स्टील के ट्रंक से एक सूटकेस मिला, जिसके भीतर एक युवक की लाश बरामद हुई है। हैरानी की बात ये रही कि शव को सूटकेस में बंद करके उसके चारों तरफ सीमेंट भर दिया गया था, जिससे वो एक ठोस ढांचे की तरह जम चुका था।
कहां मिला शव?
घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंद्रप्रस्थ इलाके की है। वाटर पार्क के पास सुनसान इलाके में एक लावारिस स्टील की पेटी पर लोगों की नजर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची और ट्रंक को खोलकर देखा गया तो उसमें एक सूटकेस मिला, और सूटकेस के भीतर सीमेंट में दबा हुआ युवक का शव मिला।
पुरानी लग रही लाश, पहचान अब भी नहीं
पुलिस के अनुसार शव 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सुराग मिल सके।
हत्या पूरी प्लानिंग से की गई
जिस तरीके से युवक की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद करके सीमेंट में ढाला गया, उससे साफ है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई हत्या है। जांच एजेंसियों ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कई पहलुओं से छानबीन शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“छत्तीसगढ़ में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सूटकेस में बंद कर सीमेंट में शव भर देना दर्शाता है कि अपराधियों को कोई डर नहीं है। भाजपा की डबल इंजन सरकार में आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री सिर्फ बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ और ही है।
उत्तर प्रदेश जैसी वारदात?
इस घटना की तुलना हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुई हत्या से की जा रही है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की थी और शव को सीमेंट में दबाकर ड्रम में बंद किया था। रायपुर की यह वारदात भी कुछ वैसी ही प्रतीत हो रही है, जिससे पूरे शहर में खौफ का माहौल है।
अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है शव की पहचान करना और यह पता लगाना कि हत्या किन परिस्थितियों में हुई और किसने की। फोरेंसिक टीम नमूने जुटा रही है और आसपास के इलाकों में सघन पूछताछ भी की जा रही है। इस खौफनाक वारदात से राजधानी रायपुर में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं।



