
रायपुर. CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में रविवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने रायपुर, कांकेर, बिलासपुर, रायगढ़ समेत कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
अगले पांच दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून
Today Weather News: मौसम विभाग के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, मानसून द्रोणिका इस समय अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर है। इसके प्रभाव से 31 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के आसार भी हैं। वहीं 2 से 5 सितंबर तक उत्तर छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।
किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
CG Weather Update Today:अगले तीन घंटों के लिए मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
रायपुर का आज का मौसम
Raipur Today Weather News: राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इस दौरान पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री और रायपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया।

बस्तर-सुकमा में बारिश से बिगड़े हालात
दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर और सुकमा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। यहां कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
Also Read: साय कैबिनेट विस्तार पर हाईकोर्ट सख्त, 14 मंत्रियों की नियुक्ति पर उठे सवाल, अगली सुनवाई 2 सितंबर को



