
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव 15 सितंबर से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। उनके साथ स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे। टीम अहमदाबाद में गुजरात के स्कूल शिक्षा में किए गए इनोवेशन और रिफार्म का अध्ययन करेगी और 17 सितंबर को रायपुर लौटेगी।
गुजरात मॉडल से सीख
गुजरात के स्कूल शिक्षा सिस्टम की देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो चुकी है। यहां तक कि यूनेस्को जैसी संस्थाओं ने भी इसकी तारीफ की है। मंत्री गजेंद्र यादव का लक्ष्य है कि वहां अपनाए गए मॉडल को समझकर छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में लागू किया जाए। इस दौरान टीम गुजरात के मॉडल स्कूलों का दौरा करेगी, शिक्षा विभाग से प्रेजेंटेशन लेगी और गैर सरकारी संस्थाओं से मुलाकात कर वहां के सफल प्रयोगों की जानकारी जुटाएगी।
छत्तीसगढ़ की स्थिति सुधारने का प्रयास
वर्तमान में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा रैंकिंग में देशभर में नीचे से तीसरे नंबर पर है। मंत्री गजेंद्र यादव इस स्थिति को बदलने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने दुर्ग संभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर हेमंत उपाध्याय को निलंबित कर दिया। इससे पहले उन्होंने मंत्रालय में अधिकारियों की बैठक लेकर क्वालिटी एजुकेशन, अनुशासन और ड्रेस कोड पर कड़े निर्देश दिए थे।
नए प्रयोग और पहल
- शनिवार को बैगलेस डे को अब उपयोगी बनाने की पहल, जिसमें कमजोर विषयों के लिए स्पेशल क्लास लगाई जाएगी।
- हर महीने मंथली टेस्ट से विद्यार्थियों का मूल्यांकन।
- कंप्यूटर शिक्षा और लाइब्रेरी पर जोर।
- शिक्षकों को भारतीय ड्रेस में स्कूल आने के निर्देश।



