
धमतरी: जिले में खानपान की पुरानी और सेहतमंद परंपरा को वापस लौटाने के लिए जिला प्रशासन एक खास तैयारी कर रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में धमतरी में पहली बार ‘मिलेट्स महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सोमवार, 5 जनवरी को सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुरू होगा। इस आयोजन का मकसद न केवल लोगों को पोषक आहार के प्रति जागरूक करना है, बल्कि स्थानीय किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को रागी, कोदो और कुटकी जैसे मोटे अनाजों की खेती और उनकी मार्केटिंग के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करना है।
खास मेहमान बनेंगे डॉ. खादर वल्ली: मिलेट्स मैन बताएंगे कैसे गंभीर बीमारियों को मात देता है श्रीअन्न
इस महोत्सव की चमक बढ़ाने के लिए ‘मिलेट्स मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से मशहूर पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। डॉ. वल्ली दुनिया भर में मोटे अनाज के जरिए बीमारियों के इलाज के लिए जाने जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान वे किसानों और आम नागरिकों को विस्तार से समझाएंगे कि कैसे रागी और कोदो का सेवन मधुमेह (डायबिटीज), हृदय रोग और मोटापे जैसी लाइफस्टाइल वाली बीमारियों में रामबाण साबित होता है। वे किसानों को मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती के जरिए कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमाने के गुर भी सिखाएंगे।

पारंपरिक व्यंजनों का लगेगा मेला: कोदो-कुटकी के लजीज पकवानों का स्वाद चख सकेंगे नागरिक
महोत्सव के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मिलेट्स से बने व्यंजनों की एक भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए रागी के लड्डू, कोदो की खीर, बिस्कुट और अन्य पारंपरिक पकवान शामिल होंगे। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को यह दिखाना है कि मिलेट्स न केवल सेहतमंद है, बल्कि खाने में भी बेहद स्वादिष्ट हो सकता है। आने वाले लोग इन व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे और इन्हें अपने दैनिक भोजन का हिस्सा बनाने के तरीके भी सीख सकेंगे।
स्वस्थ समाज और समृद्ध किसान का लक्ष्य: कम पानी और कम लागत में खेती की नई उम्मीद
विशेषज्ञों के मुताबिक मिलेट्स ऐसी फसलें हैं जिन्हें उगाने के लिए बहुत कम पानी की जरूरत होती है और ये बदलती जलवायु में भी आसानी से पनप जाती हैं। इनमें कैल्शियम, आयरन और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के युवाओं, किसानों और महिलाओं से अपील की है कि वे इस महोत्सव में बड़ी संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि श्रीअन्न को बढ़ावा देकर ही हम जिले के किसानों की आय बढ़ा सकते हैं और समाज को कुपोषण से मुक्त कर एक स्वस्थ भविष्य की नींव रख सकते हैं।
Also Read: ग्राम हसदा में विधायक अजय चंद्राकर ने किया 61 लाख से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण



