CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर में चेक बाउंस केस में कंस्ट्रक्शन फर्म को 1.51 करोड़ जुर्माना, नशे के कारोबार पर 12 आरोपी जेल, रूपसिंह मंडावी बने ST आयोग अध्यक्ष, हाईकोर्ट में 29 अक्टूबर से नया रोस्टर लागू, बलरामपुर में नाबालिग से गैंगरेप, किसानों से KYC के नाम पर वसूली, सुदूर वनांचल में शुरू हुआ ‘बस्तर ओलंपिक 2025’, पैरावट में मिली युवती की जली लाश, नायब तहसीलदार की कार से दो युवक घायल, सिम्स अस्पताल में मरीजों को बहकाने वाला दलाल पकड़ा गया समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

चेक बाउंस केस में कंस्ट्रक्शन फर्म को सजा, कोर्ट ने लगाया 1.51 करोड़ का जुर्माना

Cheque Bounce Case: रायपुर की न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वर्णलता ओम यादव की अदालत ने अभिनव कंस्ट्रक्शन फर्म के प्रतिनिधि सुमन कुमार को दोषी ठहराते हुए तीन महीने की सजा सुनाई है। अदालत ने बैंक को ₹1.51 करोड़ की क्षतिपूर्ति अदा करने का आदेश दिया। कोटक महिंद्रा बैंक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने ₹1.35 करोड़ का चेक जारी किया था जो 3 जनवरी 2023 को खाता ब्लॉक होने से बाउंस हो गया। आरोपी का यह दावा कि चेक सुरक्षा हेतु था, अदालत ने खारिज कर दिया और कहा कि आरोपी कोई प्रमाण नहीं दे सका कि भुगतान हो चुका है। कोर्ट ने इसे एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत दंडनीय अपराध माना।

नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती, 12 आरोपी गिरफ्तार और जेल भेजे गए

Drug Trafficking: रायपुर संभाग में गांजा तस्करी में संलिप्त 12 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर तीन-तीन महीने के लिए जेल भेजा है। यह कार्रवाई संभागायुक्त महादेव कावरे के निर्देश पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर, धमतरी और अभनपुर क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध नशे के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए की गई है। अब तक 38 आरोपियों के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

रूपसिंह मंडावी बने छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, सरकार ने जारी किया आदेश

Chairman of CG ST Commission: छत्तीसगढ़ सरकार ने रूपसिंह मंडावी को राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने शनिवार देर शाम आधिकारिक आदेश जारी किया। रूपसिंह मंडावी बस्तर जिले के ग्राम फरसागुड़ा निवासी हैं और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वे लंबे समय से आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वावलंबन और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान एक प्रभावशाली जनप्रतिनिधि और समाजसेवी के रूप में रही है। उनकी नियुक्ति को आदिवासी समुदाय में नई उम्मीद और सशक्त नेतृत्व की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में 29 अक्टूबर से लागू होगा नया रोस्टर

CG High Court New Roster: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में 29 अक्टूबर 2025 से नया रोस्टर लागू किया जाएगा। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की स्वीकृति से तैयार इस रोस्टर के तहत अब चार डिवीजन बेंच और 16 सिंगल बेंच न्यायिक कार्य संभालेंगी। न्यायिक प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था में पहली डिवीजन बेंच जनहित याचिकाओं, बंदी प्रत्यक्षीकरण और आपराधिक अपीलों की सुनवाई करेगी, जबकि दूसरी बेंच वैवाहिक मामलों और विशेष अपीलों को देखेगी। तीसरी बेंच कमर्शियल और आपराधिक अपीलों पर सुनवाई करेगी, वहीं चौथी बेंच सिविल और टैक्स मामलों की जिम्मेदारी संभालेगी। इसके अलावा, गठित 16 सिंगल बेंचों में सिविल, क्रिमिनल और प्रशासनिक मामलों की सुनवाई होगी। न्यायालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई रोस्टर प्रणाली से मामलों के निस्तारण की गति बढ़ेगी और न्यायिक लंबितता में कमी आएगी।

बलरामपुर में नाबालिग से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार

Gangrape Case: बलरामपुर जिले में दीपावली की रात 14 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों ने लड़की को घर से उठाकर जंगल में ले जाकर वारदात की। पीड़िता ने घर लौटकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी पीड़िता के स्कूल का छात्र बताया जा रहा है।

केवाईसी के नाम पर ऑपरेटर वसूल रहा था किसानों से पैसे

Farmers Scam: बम्हनीहडीह ब्लॉक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की केवाईसी के नाम पर कंप्यूटर ऑपरेटर किसानों से पैसे वसूल रहा था। नितेश किशोर नामक ऑपरेटर का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह एक किसान से 4 हजार रुपए लेते दिख रहा है। किसान से 7 हजार रुपए की मांग की गई थी। वीडियो में वह यह भी कहता सुना गया कि अधिकारी को भी हिस्सा देना है। कृषि विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

सुदूर वनांचल में शुरू हुआ ‘बस्तर ओलंपिक 2025’, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

Bastar Olympic 2025: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल से आज ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ की रंगारंग शुरुआत हुई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पारंपरिक खेलों के संरक्षण व युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचान देने की इस पहल की सराहना की। आयोजन के दौरान ईरकभट्टी और कच्चापाल की महिलाओं के बीच रस्साकसी मुकाबला हुआ, जिसमें ईरकभट्टी टीम विजयी रही। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए सभी प्रतिभागियों को ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ की टीशर्ट भेंट की। इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, तीरंदाजी, हॉकी, बैडमिंटन, कराटे, रस्साकसी और वेटलिफ्टिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से पूरा कच्चापाल खेल उत्सव में बदल गया।

पैरावट के ढेर में मिली युवती की जली हुई लाश, इलाके में मचा हड़कंप

Murder Mystery: बलौदाबाजार के ग्राम चरौटी में 26 वर्षीय तेजस्विनी पटेल की जली हुई लाश पैरावट के अंदर मिली। शव के हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हत्या कर शव जलाने की आशंका जताई जा रही है। मृतका मजदूरी करती थी और शुक्रवार रात से लापता थी। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है।

नायब तहसीलदार की कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Road Accident: गरियाबंद जिले के सारागांव पापराही के पास नायब तहसीलदार दोनोश साहू की तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की जांच छुरा थाना पुलिस कर रही है।

सिम्स अस्पताल में बाहरी दलाल पकड़ा गया, मरीजों को बहका रहा था निजी अस्पताल भेजने

SIMS Hospital Bilaspur: सिम्स बिलासपुर में सुरक्षा कर्मियों ने एक दलाल को पकड़ा जो भर्ती मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था। अभिषेक निर्मलकर नामक व्यक्ति को सुरक्षा टीम ने रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि किसी भी बाहरी व्यक्ति द्वारा मरीजों को गुमराह करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी वार्डों में निगरानी बढ़ा दी है।

Also Read: VIDEO: शिक्षक भर्ती में वादाखिलाफी: बेरोजगार युवाओं ने की राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग!

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button