
रायपुर: Raipur Crime: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों का आतंक दिखाने वाला एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहा है। दहशत फैलाने के लिए बदमाश ने न केवल युवक को पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी, बल्कि उसे पिस्टल की नोक पर एक लड़की के पैर पड़ने और माफी माँगने के लिए भी मजबूर किया।
शिकायत वापस न लेने पर की बेरहमी से पिटाई
आरोपी बदमाश की पहचान विक्की खोचड़ के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। यह वीडियो बीते शुक्रवार का बताया जा रहा है और इसका स्थान न्यू शांति नगर स्थित श्मशान घाट बताया गया है।
- पिटाई का कारण: पीड़ित युवक का नाम रानू सिन्हा है। रानू ने हाल ही में एक मामले में विक्की खोचड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी का बदला लेने और दहशत फैलाने के लिए विक्की ने अपने साथियों के साथ रानू को पकड़ा और जमकर पिटाई कर दी।
- पिस्टल का डर: वीडियो में विक्की बार-बार अपनी कमर से पिस्टल निकालकर रानू को धमका रहा है और पूछ रहा है कि उसने थाने में उसका नाम क्यों लिया। पिटाई के दौरान पास खड़ी लड़की ने भी डंडे से रानू की पिटाई की।
- माफी मंगवाई: विक्की ने रानू को मजबूर किया कि वह लड़की के पैर छूकर माफी माँगे। पूरी घटना के दौरान विक्की लगातार धमकी दे रहा था कि “अगली बार गोली मार दूंगा।”
देखिये वीडियो-
वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवक नशे की हालत में दिख रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जाँच शुरू कर दी है और दावा किया है कि आरोपी विक्की खोचड़ को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



