CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज: इन 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज से पूरे राज्य में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का दौर शुरू होगा. इस बदलाव से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

बस्तर से लेकर सरगुजा तक आधे से ज्यादा छत्तीसगढ़ में बारिश की चेतावनी

CG Weather Rain Alert Update: मौसम केंद्र रायपुर ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर समेत राज्य के 21 जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चल सकता है. इसके अलावा बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भी हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है.

पिछले 24 घंटे में दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बरसे बादल, राजनांदगांव में पारा 42 डिग्री

CG Weather Today News: बीते 24 घंटों के दौरान भी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर बारिश दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में रिकॉर्ड हुई. वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि मैनपाट, सूरजपुर और कटघोरा जैसे इलाकों में 1-1 सेंटीमीटर पानी गिरा. इस बीच तापमान की बात करें तो राजनांदगांव जिला 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था.

राजधानी रायपुर में छाए रहेंगे बादल, तेज आंधी के साथ बौछारें पड़ने के आसार

Raipur Weather Update Today: राजधानी रायपुर और इसके आसपास के इलाकों के लिए भी स्थानीय मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जारी किया है. रायपुर में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय शहर के कुछ हिस्सों में तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. रायपुर में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे हवा में उमस का असर भी देखने को मिलेगा.

खराब मौसम में पेड़ों के नीचे न लें शरण, किसानों और आम जनता के लिए विशेष गाइडलाइन

मौसम में आ रहे इस अचानक बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों और मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में कटी रखी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें ताकि उन्हें नुकसान न हो. इसके अलावा आम लोगों से अपील की गई है कि कड़कती बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, जलाशयों से दूर रहें और सड़कों पर वाहन सावधानी से चलाएं. विभाग ने इस दौरान खेतों में कीटनाशकों और खादों का छिड़काव न करने की भी बात कही है.

Also Read: CG Misa Bandi Pension: साय सरकार का बड़ा फैसला, मीसाबंदियों को अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये तक; कानून में हुआ बदलाव

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button