
रायपुर: तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की चुनावी रैली में भगदड़ मच गई। भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग दबकर घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अब भी अस्पताल में इलाजरत हैं।
अफरा-तफरी में कई लोग बेहोश
रैली में उमड़ी भीड़ पर काबू न पा पाने से अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बनी। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और कई लोग वहीं बेहोश हो गए। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीएम विष्णु देव साय का शोक संदेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा—
“इस हृदयविदारक घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दे।”
जांच के आदेश
तमिलनाडु पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में भीड़ के काबू से बाहर हो जाने को वजह बताया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
Also Read: रायपुर में सिलतरा स्टील फैक्ट्री हादसा: निर्माणाधीन प्लांट गिरा, 6 मजदूरों की मौत, कई घायल



