
रायपुर: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने राज्य के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत का इस्तीफा 4 दिन बाद मंजूर कर लिया है। विधि और विधाई कार्य की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत ने इस संबंध में एक पत्र भी जारी कर दिया है। प्रफुल्ल एन भारत ने सोमवार को राज्यपाल के नाम इस्तीफा देकर पद छोड़ने की बात कही थी। अपने इस्तीफे के पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट सहयोगियों के साथ-साथ ब्यूरोक्रेट्स की टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया था।
अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा बने छत्तीसगढ़ के नए महाधिवक्ता
प्रफुल्ल एन भारत का इस्तीफा मंजूर होने के साथ ही राज्यपाल के नाम विधि और विधाई विभाग ने एक और आदेश जारी किया है। इस आदेश में जानकारी दी गई है कि महाधिवक्ता का पद खाली होने के बाद, प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से महाधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया है। विवेक शर्मा अब राज्य सरकार के पहले कानून अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

इस्तीफे के पत्र में मुख्यमंत्री और राज्यपाल का जताया आभार
प्रफुल्ल एन भारत ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को पत्र लिखकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी। पत्र में उन्होंने राज्यपाल को भी धन्यवाद दिया था कि उन्हें राज्य के पहले कानून अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर मिला। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को भी धन्यवाद दिया था कि उन्होंने एडवोकेट जनरल के पद पर उनकी नियुक्ति के लिए राज्यपाल को सिफारिश की थी।
विवेक शर्मा की नियुक्ति के बाद पद भरने की कवायद हुई पूरी
प्रफुल्ल एन भारत के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ में महाधिवक्ता का पद खाली हो गया था, जिसे भरने की कवायद अब विवेक शर्मा की नियुक्ति के साथ पूरी हो गई है। इससे पहले तक हाईकोर्ट में अति महाधिवक्ता ही सरकार का पक्ष रख रहे थे। विवेक शर्मा की नियुक्ति से राज्य के कानूनी मामलों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।



