CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें व्हाट्सएप ग्रुप से Scam में BSP के रिटायर्ड अफसर से 28.50 लाख की ठगी, छत्तीसगढ़ में छिपे थे दो शूटर, पंजाब पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता विकास तिवारी 6 साल के लिए निष्कासित, अभनपुर में अवैध मुरूम खनन पर ASP की बड़ी कार्रवाई, ‘मोना के कुत्ते का नाम’ विवाद में शिक्षिका निलंबित, अवैध धान परिवहन पर 1450 कट्टा जब्त, बिलासपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बीच पटाखों से भरा ट्रक मिला, सूरजपुर धान खरीदी केंद्र से 80 लाख का धान गायब, महादेव सट्टा केस में आरोपी ASI को हाईकोर्ट से राहत और मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी उपवास आंदोलन समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए 28.50 लाख की साइबर ठगी
भिलाई के सेक्टर 7 निवासी बीएसपी के रिटायर्ड अधिकारी आर. राजू साइबर ठगी के बड़े जाल में फंस गए हैं। ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर स्टॉक मार्केट और इंश्योरेंस में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में 70 हजार के निवेश पर ‘फर्जी प्रॉफिट’ दिखाकर उनका भरोसा जीता गया, जिसके बाद उन्होंने कुल 28.50 लाख रुपये निवेश कर दिए। लाभ न मिलने और ग्रुप से हटाए जाने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है
भूपेश बघेल और कवासी लखमा के नार्को टेस्ट की मांग करना पड़ा भारी, कांग्रेस से विकास तिवारी 6 साल के लिए निष्कासित
झीरम घाटी कांड पर विवादास्पद बयान देने वाले कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। विकास तिवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। पार्टी द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने निष्कासन का आदेश जारी किया।
अभनपुर में अवैध मुरूम खनन पर पुलिस की बड़ी दबिश
अभनपुर के ग्राम तोरला में लंबे समय से चल रहे अवैध मुरूम खनन पर नवा रायपुर एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस ने छापामार कार्रवाई की है। मौके से दो हाईवा और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई है। आरोप है कि खनिज विभाग की मिलीभगत या लापरवाही से अनुमति कहीं और की थी और खनन कहीं और किया जा रहा था। पुलिस अब खनिज विभाग से पूरी जानकारी मांग रही है ताकि अवैध गतिविधियों में शामिल संगठनों पर कार्रवाई की जा सके।
आप सरपंच की हत्या कर छत्तीसगढ़ में छिपे थे दो शूटर, पंजाब पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
पंजाब के अमृतसर में एक मैरिज पैलेस के भीतर आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की सनसनीखेज हत्या करने वाले दो शार्प शूटरों को पंजाब पुलिस ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। बीते 4 जनवरी को मैरी गोल्ड रिसॉर्ट में जब शादी का समारोह चल रहा था, तब इन हमलावरों ने खाना खा रहे सरपंच के सिर में पीछे से बेहद करीब से गोली मार दी थी और वारदात के बाद फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज और पुख्ता इनपुट के आधार पर पीछा कर रही पंजाब पुलिस ने रायपुर के एक ठिकाने पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के बाद पहचान छिपाकर छत्तीसगढ़ में पनाह लिए हुए थे, जिन्हें अब ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की तैयारी की जा रही है।
अंग्रेजी पेपर में कुत्ते का नाम ‘राम’ रखने पर हेड मास्टर निलंबित
कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्न पत्र में “मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” प्रश्न के विकल्प में ‘राम’ नाम देने पर रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है। खपरी स्कूल की हेड मास्टर शिखा सोनी को निलंबित कर दिया गया है और पेपर मॉडरेटर नम्रता वर्मा को सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, आरोपी शिक्षिका ने स्पष्टीकरण दिया कि वह ‘रामू’ लिखना चाहती थी लेकिन भूलवश ‘राम’ अंकित हो गया।
सक्ती जिले में 1450 कट्टा अवैध धान जब्त
धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन रोकने के लिए सक्ती जिला प्रशासन ने डभरा, सक्ती और जैजैपुर क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग 1450 कट्टा अवैध धान जब्त किया। डभरा में रात 2 बजे पांच ट्रैक्टरों को बिना वैध दस्तावेजों के धान ले जाते पकड़ा गया। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर यह अभियान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरंतर जारी रहेगा।
कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पटाखों से भरा संदिग्ध ट्रक मिला
बिलासपुर और राजनांदगांव जिला न्यायालयों को ई-मेल से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस सतर्क है। इसी बीच बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में तमिलनाडु नंबर का एक संदिग्ध ट्रक पटाखों से भरा मिला। ट्रक से पटाखे पिकअप में ट्रांसफर किए जा रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस ट्रक का धमकी भरे ई-मेल से कोई संबंध है या नहीं।
धान खरीदी केंद्र से 80 लाख का धान गायब
सूरजपुर जिले के सारारावां धान खरीदी केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान 6,470 बोरी धान कम पाया गया है। गायब धान की कीमत करीब 80 लाख रुपये है। आशंका जताई जा रही है कि बिना वास्तविक धान आए ही कागजों पर किसानों के खातों में बिक्री दर्ज कर दी गई। वहीं, रामानुजनगर तहसील के एक अन्य केंद्र में भी गड़बड़ी की बात सामने आई थी, जिससे जिले की पूरी जांच प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
महादेव सट्टा केस: एएसआई चंद्रभूषण वर्मा की विभागीय जांच पर हाई कोर्ट की रोक
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी एएसआई चंद्रभूषण वर्मा को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। न्यायमूर्ति पार्थ प्रीतम साहू ने आदेश दिया है कि जब तक न्यायालय में आपराधिक मामला विचाराधीन है, तब तक विभाग समान आरोपों पर विभागीय जांच नहीं चला सकता। रायपुर एसएसपी द्वारा जारी किए गए विभागीय आरोप पत्र और जांच की कार्यवाही पर फिलहाल स्थगन दे दिया गया है।
मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध: प्रदेशव्यापी उपवास आंदोलन
केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा (MGNREGA) से महात्मा गांधी का नाम हटाने की चर्चाओं और बदलावों के खिलाफ कांग्रेस ने जांजगीर समेत पूरे प्रदेश में उपवास आंदोलन किया। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा गांधी जी की विरासत को खत्म करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने राज्य सरकार को चुनौती दी कि वे 125 दिन का रोजगार और 40% राज्यांश का इंतजाम करके दिखाएं। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक लड़ने का ऐलान किया है।
Also Read: Free Coaching: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग सुविधा, यहां ऐसे करें आवेदन



