Korba Viral Video: कोरबा में हैवानियत, युवक को निर्वस्त्र कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; जानें क्या है मामला

Korba News: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर कोरबा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली NTPC कावेरी विहार कॉलोनी में एक युवक के साथ सरेआम बर्बरता की गई। बाइक के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने युवक को न केवल बेदम पीटा, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर सड़क पर दौड़ाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दंग हैं। वीडियो के आधार पर अब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाइक नहीं लौटाने पर शुरू हुआ खूनी खेल

इस पूरी वारदात के पीछे बाइक का पुराना विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अमरदास कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसका परिचय बिलासपुर के रतनपुर निवासी सरोज कुमार से था। बताया जा रहा है कि अमरदास काफी समय पहले सरोज की बाइक मांगकर ले गया था, लेकिन उसने गाड़ी वापस नहीं की। फोन उठाने और संपर्क करने के बंद होने से नाराज होकर सरोज कुमार अपने कुछ साथियों के साथ बदला लेने के इरादे से कोरबा पहुंच गया।

बीच सड़क पर युवक को किया निर्वस्त्र

सरोज और उसके साथियों ने 27 मार्च को कावेरी विहार कॉलोनी के पास अमरदास को घेर लिया। शुरुआती बहस के बाद आरोपियों ने अपना आपा खो दिया और अमरदास पर टूट पड़े। क्रूरता की सारी सीमाएं लांघते हुए आरोपियों ने युवक के कपड़े उतार दिए और उसे निर्वस्त्र हालत में ही सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। कॉलोनी के बीचों-बीच हुई इस अमानवीय हरकत को देखकर वहां मौजूद महिलाएं और राहगीर असहज हो गए। पीड़ित मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

घटना के समय किसी ने इस पूरी हैवानियत का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर डाल दिया। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपी कानून को हाथ में लेकर युवक को लहूलुहान कर रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी काफी आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की दोबारा जांच और धाराओं में बदलाव

शुरुआत में जब यह मामला पुलिस के पास पहुंचा था, तब पीड़ित अमरदास की शिकायत पर दर्री पुलिस ने साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया था। उस वक्त पुलिस के सामने निर्वस्त्र कर पीटने की बात साफ तौर पर नहीं आई थी। हालांकि, अब दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि वीडियो साक्ष्य के तौर पर सामने आने के बाद मामले की नए सिरे से जांच की जा रही है। पुलिस अब पुराने केस में नई और गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

कानून व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

दिनदहाड़े एक पॉश कॉलोनी में हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर मामूली विवाद में भी लोग इस कदर हैवानियत पर उतारू हो जाएंगे, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। शासन प्रशासन अब इस वायरल वीडियो को मुख्य आधार मानकर आरोपियों की घेराबंदी कर रहा है।

VIDEO: गर्लफ्रेंड संग नर्सरी में रंगरेलियां मनाते पकड़ाया फॉरेस्ट गार्ड, युवकों ने उतारी वर्दी की हनक: पहले नचाया, फिर प्रेमिका के सामने बेल्ट से पीटा, वीडियो हो रहा वायरल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button