CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें, बालोद में मां-बेटे ने मिलकर की पति की हत्या से सनसनी, कोरबा में शिक्षक ने छात्रा से की छेड़छाड़, बीजापुर में 51 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, कर्नाटक से छुड़ाए गए 18 मजदूर, एग्रीटेक पोर्टल की गड़बड़ी से किसान परेशान, डोंगरगढ़ मंदिर पंचमी पूजा विवाद में महाबंद का ऐलान, सूरजपुर में पत्नी-प्रेमी को उम्रकैद, रायगढ़ में हाथी शावक की मौत से वन विभाग में हड़कंप, भाटापारा में दर्दनाक सड़क हादसे में दो की मौत, भारतमाला मुआवजा घोटाला मामले में तीन पटवारी गिरफ्तार समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
बालोद में खौफनाक हत्याकांड का खुलासा : पत्नी ने बेटे संग मिलकर की पति की हत्या, सबूत मिटाने शव को बोरी में भरकर जंगल में फेंका
Murder Mystery: बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने बेटे के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए दोनों ने शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर 12 किलोमीटर दूर जंगल में फेंक दिया। यह घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक भूषण नेताम की पहचान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई। जांच में सामने आया कि बेटे ने शराब के नशे में विवाद के बाद पिता की हत्या की, और मां ने शव ठिकाने लगाने में मदद की। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कोरबा में गुरु-शिष्य रिश्ता शर्मसार : शिक्षक ने 13 वर्षीय छात्रा से की छेड़छाड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार
Student Harassment: कोरबा जिले में गुरु-शिष्य संबंध को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में विवाहित शिक्षक ने ट्यूशन के बहाने 13 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। यह घटना पूरे छत्तीसगढ़ में शिक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
बीजापुर में 51 नक्सलियों ने डाले हथियार : मुख्यमंत्री साय बोले – पुनर्वास की रोशनी से मिट रहा भय का अंधकार
Naxal Surrender: बस्तर क्षेत्र से बड़ी खबर आई है। आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 और ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत बीजापुर जिले में 51 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर ₹66 लाख का इनाम था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कदम बताता है कि बस्तर भय और हिंसा से बाहर निकलकर शांति और प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संवाद और संवेदना ही इस समस्या का स्थायी समाधान है।
कर्नाटक से सकुशल लौटे बीजापुर के 18 मजदूर : दलालों के चंगुल से छुड़ाए गए सभी ग्रामीण
Human Trafficking: बीजापुर जिला प्रशासन ने तेलंगाना और कर्नाटक में बंधक बनाए गए 18 मजदूरों को मुक्त कराया। दलाल सीनू श्रीनिवास उन्हें नौकरी के बहाने बाहर ले गया था और बाद में 5 लाख में एक साहूकार को बेच दिया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सभी मजदूरों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया। मजदूरों ने बताया कि उन्हें मजदूरी नहीं दी जा रही थी और जबरन काम कराया जा रहा था। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
एग्रीस्टैक पोर्टल की खामियों से परेशान किसान : धान बेचने नहीं हो रहा पंजीयन, सैकड़ों किसान भटक रहे
Farmer Issue: महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक में एग्रीस्टैक पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों से किसान परेशान हैं। धान खरीदी से पहले पंजीयन की अंतिम तिथि नजदीक है, लेकिन कई किसानों का आवेदन पेंडिंग स्थिति में अटका है। सैकड़ों किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे और पोर्टल की खराबी को लेकर नाराजगी जताई। प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
डोंगरगढ़ मंदिर पंचमी पूजा विवाद : आदिवासी समाज का 15 नवंबर को महाबंद, राजपरिवार ने मांगी सुरक्षा
Religious Dispute: डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर में नवरात्रि पर्व के दौरान पंचमी पूजा विवाद बढ़ता जा रहा है। राजकुमार भवानी बहादुर सिंह ने पारंपरिक पूजा की, जिसका मंदिर ट्रस्ट ने विरोध किया। अब सर्व छत्तीसगढ़ आदिवासी समाज ने 15 नवंबर को महाबंद का ऐलान किया है। प्रशासनिक स्तर पर अब यह मामला सुरक्षा और परंपरा दोनों के संतुलन की बड़ी चुनौती बन गया है।
सूरजपुर में पत्नी और प्रेमी को आजीवन कारावास : पति की हत्या मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला
Court Judgment: सूरजपुर जिले की अदालत ने पति की हत्या के मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोनों ने अवैध संबंधों के चलते हत्या की साजिश रची थी। पुलिस जांच में डॉग स्क्वाड और मुखबिरों की मदद से सच्चाई सामने आई। कोर्ट ने दोनों को सश्रम कारावास और जुर्माने से दंडित किया है।
रायगढ़ में हाथी शावक की तालाब में डूबने से मौत : एक साल में पांचवां मामला
Wildlife Concern: रायगढ़ जिले के छाल रेंज में तालाब में डूबने से एक आठ माह के हाथी शावक की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिछले एक वर्ष में यह पांचवीं ऐसी घटना है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
भाटापारा में भीषण सड़क हादसा : एक बाइक पर चार सवार, ट्रक की चपेट में आने से दो की मौत
Road Accident: भाटापारा से नारायणपुर मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने बताया कि बाइक पर नंबर नहीं था और चार लोग सवार थे। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया है, और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर में करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप में तीन पटवारी गिरफ्तार
भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे रायपुर-विशाखापट्टनम इकॉनॉमिक कॉरिडोर में हुए मुआवजा घोटाले के आरोप में एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने तीन पूर्व पटवारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तत्कालीन पटवारी दिनेश पटेल, लेखराम देवांगन और बसंती घृतलहरे शामिल हैं, जिन्होंने वर्ष 2020 से 2024 के बीच शासन की भूमि को फर्जी दस्तावेजों, नकली बंटवारे और नामांतरण के जरिए निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कराया और फिर करोड़ों रुपये का मुआवजा हड़प लिया, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति हुई। हाईकोर्ट द्वारा इनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक हटने के बाद, एसीबी-ईओडब्ल्यू ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है; इन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।



