CG Accident News : सामूहिक विवाह में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों की बस गड्ढे में गिरी, सभी घायल

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में मंगलवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। जनकपुर से रतनपुर के महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई। यह हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र में नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।

सामूहिक विवाह में जा रहे थे 54 जोड़े

बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े अपने परिजनों के साथ सवार थे। हादसे के वक्त बस पूरी तरह भरी हुई थी। दुर्घटना में लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें कई दूल्हा दुल्हन भी शामिल हैं।

तेज रफ्तार से बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज गति में चल रही थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतर गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला और राहत कार्य में मदद की।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल सभी लोगों को नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई, हालांकि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।

चालक और कंडक्टर फरार, जांच शुरू

दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक व कंडक्टर की तलाश जारी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों और प्रशासनिक तैयारियों की भी जांच की जा रही है।

Also Read: नगर पालिका अध्यक्ष को हटाने का आदेश हाई कोर्ट ने किया निरस्त, सरकार को लगी फटकार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button