रवि भगत को कीमत चुकानी पड़ी…’, BJP की नई कार्यकारिणी के ऐलान पर भूपेश बघेल ने कसा तंज

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही सियासी माहौल गर्मा गया है। इस बार भाजयुमो (BJP युवा मोर्चा) के प्रदेश अध्यक्ष के पद से रवि भगत को हटाकर राहुल योगराज टिकरिहा को जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पार्टी नेतृत्व पर सीधा हमला बोला है।

भूपेश बघेल ने BJP पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि “रवि भगत को कीमत चुकानी पड़ी”। उन्होंने आरोप लगाया कि रवि भगत ने पार्टी के एक केंद्रीय मंत्री और कथित तौर पर “अडानी संचार विभाग” से जुड़ी व्यक्ति पर DMF (जिला खनिज निधि) और CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में न तो जांच हुई, न कार्रवाई, बल्कि उन्हें नोटिस देकर पद से हटा दिया गया।

बघेल ने इसे आदिवासी नेताओं के साथ अन्याय करार देते हुए कहा कि भाजपा अब न सिर्फ जल-जंगल-जमीन छीन रही है, बल्कि आदिवासी नेतृत्व भी खत्म कर रही है।

भाजपा ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस

पार्टी सूत्रों के अनुसार, रवि भगत को हाल ही में भाजपा की ओर से कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। आरोप था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पार्टी नेताओं के खिलाफ अनुशासनहीन टिप्पणियां की थीं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव द्वारा भेजे गए नोटिस के जवाब में भगत ने अपनी बात रखी थी, हालांकि पार्टी ने उनका जवाब सार्वजनिक नहीं किया।

कार्यकारिणी में ये चेहरे शामिल

BJP ने लंबी प्रतीक्षा के बाद नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 13 प्रवक्ता, कई मोर्चों के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और कार्यालय मंत्री शामिल हैं। संतोष पांडेय को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

राहुल योगराज टिकरिहा को भाजयुमो की कमान सौंपे जाने को लेकर संगठन का कहना है कि यह बदलाव संगठन की मजबूती और युवा नेतृत्व को आगे लाने के उद्देश्य से किया गया है।

विपक्ष ने बताया ‘राजनीतिक साज़िश’

कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा की अंदरूनी राजनीति का नतीजा बता रही है। विपक्ष का आरोप है कि सवाल उठाने वाले नेताओं को सजा दी जा रही है, जिससे पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक संवाद खत्म होता जा रहा है।

Also Read: भाजपा संगठन में बड़ी सर्जरी की तैयारी: मूणत को मिल सकती है नई जिम्मेदारी, अभिषेक, नवीन महामंत्री की दौड़ में सबसे आगे

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button