
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बेहद मजेदार और हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के बाद राज्य के लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षकों की ड्यूटी आवारा कुत्तों की निगरानी के लिए लगाई है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक कुत्ता स्कूल की कक्षा में छात्रों के साथ दरी पर बैठा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि वह बच्चों के बीच सबसे आगे बैठकर केवल पढ़ाई ही नहीं कर रहा, बल्कि शिक्षक के सुर में सुर मिलाकर बच्चों के साथ दोहराते हुए भी दिखाई दे रहा है।
सरकारी आदेश और शिक्षकों में विरोध का भाव
यह मजेदार घटना उस सरकारी आदेश के बाद सामने आई है, जिसमें लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने आवारा कुत्तों की निगरानी की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षकों को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के बाद प्रदेश के शिक्षकों में विरोध का भाव भी देखने को मिला है। हालांकि, बीजापुर का यह वीडियो एक हल्के-फुल्के अंदाज में बताता है कि जिस कुत्ते की निगरानी का जिम्मा शिक्षकों को सौंपा गया है, वह खुद ही एक छात्र बनकर स्कूल में पहुंच गया है।
नोडल अधिकारियों को दी गई आवारा कुत्तों को रोकने की जिम्मेदारी
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब प्रत्येक विद्यालय में प्राचार्य या संस्था प्रमुख को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इनकी मुख्य जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना होगी कि स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा कुत्तों की सूचना संबंधित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत या नगर निगम के डॉग कैचर नोडल अधिकारी को समय पर दी जाए। साथ ही, स्कूल परिसर में कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करना भी नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी होगी, ताकि शिक्षण व्यवस्था बाधित न हो।
काटने पर तुरंत उपचार और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश
निर्देशों में बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। किसी बच्चे को आवारा कुत्ते द्वारा काटे जाने की स्थिति में, प्रभावित बच्चे को तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु ले जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध हो सके। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि इन सभी बिंदुओं का शाला स्तर पर पूर्ण रूप से पालन हो, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और विद्यालय का वातावरण सुरक्षित और अनुकूल बना रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘डॉग स्टडी’ की वीडियो
स्कूल में बच्चों के साथ सबसे आगे दरी पर बैठकर पढ़ाई करते इस कुत्ते का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स इस पर मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं और कह रहे हैं कि जब शिक्षकों की ड्यूटी निगरानी में लगी है, तो कुत्ता खुद ही पढ़ने आ गया है। यह वीडियो एक तरफ जहां सरकारी आदेश पर हल्की-फुल्की प्रतिक्रिया देता है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों के सरल और सहज माहौल को भी दिखाता है।
Also Read: 7 दिसंबर को रायपुर में बड़ा प्रदर्शन, वीरेंद्र सिंह तोमर के समर्थन में लाखों लोगों को जुटाने का दावा



