महिला विधायक का अनोखा चुनाव प्रचार, ई-रिक्शा चलाकर मांगा वोट

बालोद। CG Panchayat Chunav 2025: जिले के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी बढ़ी हुई है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को लुभाने के लिए जुटे हुए हैं। इसी बीच, संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने चुनाव प्रचार का एक अनोखा तरीका अपनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विधायक संगीता सिन्हा अपने चुनाव प्रचार के दौरान खुद ऑटो चलाती नजर आईं। इस ऑटो पर जिला पंचायत और जनपद सदस्य के उम्मीदवारों के पोस्टर-बैनर और माइक लगाए गए थे। उनके साथ समर्थक भी थे, जो जगह-जगह प्रचार करते हुए लोगों से वोट की अपील कर रहे थे। इस दृश्य को देख लोग हैरान रह गए, क्योंकि यह चुनाव प्रचार का एक नया और अलग अंदाज था।
विधायक का यह प्रचार तरीका ग्रामीण इलाकों में चर्चा का विषय बन गया है। उनके इस कदम को जनता में काफी सराहा जा रहा है। लोग इसे एक प्रभावी तरीका मान रहे हैं, जिससे वह सीधे जनता से जुड़कर अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटा रही हैं। संगीता सिन्हा का यह तरीका दिखाता है कि चुनावी प्रचार अब केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें नए-नए प्रयोग हो रहे हैं।
इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रचार के कई अनोखे तरीके सामने आ रहे हैं। प्रत्याशी पारंपरिक जनसंपर्क के साथ-साथ सोशल मीडिया, बाइक रैलियां, और अब ऑटो प्रचार जैसे तरीकों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
Also Read: EVM पर प्रत्याशियों की कड़ी निगरानी: स्ट्रांग रूम के बाहर रात जाग रहे अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशी