One-Way Rule: अब नवा रायपुर एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान, VIP रोड पर 22 सितंबर से लागू होगा वन-वे नियम

रायपुर: One-Way Rule: राजधानी रायपुर में नवा रायपुर एयरपोर्ट (माना विमानतल) जाने वाले यात्रियों के लिए अब सफर पहले से आसान और सुरक्षित होगा। जिला प्रशासन ने लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए वीआईपी रोड के मध्य मार्ग को वन-वे घोषित कर दिया है। नया नियम सोमवार, 22 सितंबर 2025 से लागू होगा।

हादसों के कारण लिया गया फैसला

पिछले 20 महीनों में माना और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में 55 सड़क हादसे दर्ज हुए हैं। इन हादसों में 16 लोगों की मौत और 59 लोग घायल हुए। जांच में सामने आया कि एयरपोर्ट पहुंचने की जल्दी में लोग तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे, जिसके चलते अनियंत्रित होकर दुर्घटनाएं हो रही थीं।

कौन सा रास्ता किसके लिए

  • एयरपोर्ट जाने वाले यात्री अब सीधे मध्य मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
  • शहर की ओर लौटने वाले वाहन, होटल, मैरिज पैलेस और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को सर्विस रोड से गुजरना होगा।

प्रशासन का मानना है कि इससे ओवरटेक और भीड़भाड़ की समस्या घटेगी और सड़क सुरक्षा बढ़ेगी।

नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना

  • वन-वे नियम का उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 179 और 184 के तहत कार्रवाई होगी।
  • इसका उल्लंघन करने पर ₹2,500 जुर्माना लगाया जाएगा।
  • ई-चालान की व्यवस्था के लिए ग्राम फुंडहर चौक, टेमरी चौक, पीटीएस चौक और माना एयरपोर्ट तिराहा पर कैमरे लगाए जाएंगे।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुआ निर्णय

10 सितंबर 2025 को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी। इसमें जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। बैठक के बाद नगर निगम, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने वीआईपी रोड का निरीक्षण किया और वन-वे लागू करने की तैयारी शुरू कर दी।

संकेतक बोर्ड और सिग्नल लगाए जाएंगे

यात्रियों की सुविधा के लिए वीआईपी रोड पर जगह-जगह सिग्नल और संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। इनमें यह साफ लिखा होगा कि कौन सा मार्ग एयरपोर्ट के लिए है और कौन सा शहर लौटने के लिए।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मध्य मार्ग का उपयोग केवल एयरपोर्ट जाने के लिए करें और शहर की ओर लौटने पर सर्विस रोड का पालन करें। नियम तोड़ने पर न सिर्फ चालान कट सकता है, बल्कि यात्रा में परेशानी भी बढ़ सकती है।

Also Read: Raipur Airport: लोकसभा में बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय दर्जा देने की उठाई मांग, छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी पर जोर

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button