CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें सरकारी वाइन शॉप में नकली बीयर के 800 कैन जब्त होने से हड़कंप, सहकारी कर्मियों की हड़ताल से बाधित धान खरीदी अब पंचायत सचिवों के हवाले; बिलासपुर में इंटरकास्ट शादी पर रिटायर्ड अफसर का परिवार समाज से बहिष्कृत, FIR दर्ज; नाबालिग द्वारा मॉडिफाइड बुलेट चलाने पर कोर्ट का ₹34,000 जुर्माना; राज्य में 19,320 क्विंटल अवैध धान जब्त, मार्कफेड का अलर्ट सिस्टम प्रभावी; सुकमा में DRG का बड़ा नक्सल ऑपरेशन, ASP आकांश राव हत्याकांड का मास्टरमाइंड माड़वी देवा ढेर; ‘फर्जी DSP’ बनकर आदिवासी महिला से 72 लाख की ठगी का 7 साल बाद खुलासा; मैकेनिकल इंजीनियर की शिवनाथ नदी पुल से कूदकर आत्महत्या; रायपुर–मुंबई के बीच इंडिगो की चौथी उड़ान 1 फरवरी से शुरू; और सक्ती में BJP सांसद के काफिले की तीन गाड़ियाँ आपस में भिड़ीं, बड़ा हादसा टला समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
शराब दुकानों में नकली बीयर का खेल! दो अलग-अलग लेबल लगे 800 कैन जब्त
Fake Liquor: सूरजपुर के लटोरी स्थित सरकारी वाइन शॉप में बड़ी धांधली का पर्दाफाश हुआ है। एक ग्राहक ने वीडियो बनाकर दिखाया कि बीयर के एक ही कैन पर दो अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगे हैं। इसके बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। आबकारी विभाग ने जांच शुरू कर सभी दुकानों में ऐसे करीब 800 बीयर कैन की बिक्री रोक दी है। शराब प्रेमियों ने सप्लायर और दुकानदारों पर कमीशनखोरी और नकली बीयर बेचने का आरोप लगाया है।
सहकारी कर्मियों की हड़ताल, पंचायत सचिव अब संभालेंगे धान खरीदी
CG Dhan Kharidi: सक्ती जिले में सहकारिता विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण धान खरीदी कार्य बाधित हो रहा था। प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए ग्राम पंचायत सचिवों को धान खरीदी की जिम्मेदारी सौंप दी है। साथ ही सभी खरीदी केंद्रों पर नए कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति कर दी गई है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने पारदर्शिता, किसानों के सम्मानजनक व्यवहार और सॉफ्टवेयर संचालन पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों से कहा गया कि धान खरीदी शासन की शीर्ष प्राथमिकता है और किसी भी केंद्र में अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंटरकास्ट शादी पर विवाद, रिटायर्ड अफसर का परिवार समाज से बहिष्कृत FIR दर्ज
Intercaste Marriage: बिलासपुर में इंटरकास्ट विवाह को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। रिटायर्ड अधिकारी कमल किशोर परवार ने पनिका समाज के प्रांतीय पदाधिकारियों पर उनके परिवार को समाज से बाहर करने का आरोप लगाया है। परवार ने सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि उनके बेटे हितेश परवार ने 4 नवंबर 2024 को साहू समाज की युवती ऋचा साहू से विवाह किया, जिसके बाद समाज ने पूरे परिवार को सामाजिक कार्यक्रमों से बहिष्कृत कर दिया। समाज के नियमों में इंटरकास्ट शादी पर 50 हजार रुपये जुर्माना और बकरे की दावत का प्रावधान बताया गया है। पुलिस ने चार पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग ने मॉडिफाइड बुलेट चलाई, कोर्ट ने लगाया ₹34,000 जुर्माना
Traffic Violation: दुर्ग-बिलासपुर क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को तेज रफ्तार और मॉडिफाइड बुलेट चलाते पकड़ा। बाइक में प्रतिबंधित साइलेंसर और प्रेशर हार्न लगा था, जिससे तेज धमाकेदार आवाज निकल रही थी। नाबालिग पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर पकड़ा गया। वाहन मालिक और नाबालिग, दोनों को कोर्ट ने दोषी पाया और कुल 34,000 रुपये का जुर्माना लगाया। अदालत ने कहा कि मॉडिफाइड वाहन चलाना और सड़क सुरक्षा का उल्लंघन गंभीर अपराध है।
प्रदेश में 19,320 क्विंटल अवैध धान जब्त, मार्कफेड का अलर्ट सिस्टम प्रभावी
Illegal Transport: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी हो रही है। 1 से 16 नवंबर के बीच राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 19,320 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। महासमुंद में सबसे ज्यादा 4266 क्विंटल जब्ती की गई। कोंडागांव में इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से मिले अलर्ट के आधार पर टीम ने 600 बैग अवैध धान जब्त किया। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता पर जीरो टॉलरेन्स लागू रहेगा।
ASP आकाश राव की हत्या में शामिल खूंखार नक्सली माड़वी देवा ढेर
Sukma Naxal Operation: सुकमा जिले के तुमालपाड़ जंगलों में DRG की टीम ने घातक ऑपरेशन चलाकर कुख्यात नक्सली कमांडर माड़वी देवा सहित तीन माओवादियों को मार गिराया। देवा ASP आकांश राव गिरिपुंजे की हत्या की साजिश और कई IED हमलों का मास्टरमाइंड था। मौके से हथियार, विस्फोटक, बीजीएल लॉन्चर और माओवादी दस्तावेज मिले हैं। आधे घंटे चली मुठभेड़ में दो महिला माओवादी भी ढेर हुईं।
‘नकली DSP’ बनकर आदिवासी महिला से 72 लाख की ठगी — 7 साल बाद भंडाफोड़
Fake DSP Fraud Case: बलरामपुर जिले में एक महिला से दो बेटों को नौकरी दिलाने के नाम पर 72 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर असली DSP संतोष पटेल की फोटो चुराकर 7 साल तक खुद को अधिकारी बताकर ठगी की। PMO तक शिकायत पहुंचने के बाद जांच तेज हुई तो खुलासा हुआ कि आरोपी असली DSP नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश का एक जेसीबी ऑपरेटर है। पुलिस ने महिला को वीडियो कॉल पर असली अधिकारी से मिलाकर सच बताया, तब पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।
मैकेनिकल इंजीनियर की आत्महत्या, शिवनाथ नदी पुल से कूदकर दी जान
Suicide Case: बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक मैकेनिकल इंजीनियर अभिषेक राय ने शिवनाथ नदी पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने उसे नदी से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक रायपुर में श्री हॉस्पिटल में कार्यरत था। पुलिस को उसकी जेब से बस टिकट, मोबाइल और अन्य सामान मिला है। आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
यात्रियों के लिए खुशखबरी, रायपुर-मुंबई के बीच इंडिगो की चौथी उड़ान 1 फरवरी से शुरू
Air Traveler: रायपुर और मुंबई के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को 1 फरवरी से अतिरिक्त सुविधा मिलेगी, क्योंकि इंडिगो एयरलाइंस यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दोनों शहरों के बीच चौथी उड़ान शुरू करने जा रही है। वर्तमान में इस व्यस्त रूट पर केवल तीन उड़ानें ही उपलब्ध हैं, जिसके कारण सामान्य दिनों में भी किराया दस हजार रुपये से अधिक रहता है; इसी मांग को ध्यान में रखते हुए नई उड़ान 6ई 2283/6ई 22844 दोपहर के शेड्यूल में संचालित होगी। यह नई फ्लाइट नवी मुंबई से दोपहर 12.50 बजे चलकर 14.35 बजे रायपुर पहुँचेगी, और वापसी में दोपहर 3.05 बजे रायपुर से उड़ान भरकर शाम 5.05 बजे मुंबई पहुँचेगी। विमानन अधिकारियों के अनुसार, यह दोपहर का शेड्यूल विशेष रूप से व्यापारी, छात्रों और मेडिकल यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
BJP सांसद के काफिले की तीन गाड़ियाँ आपस में टकराई, बड़ा हादसा टला
Road Accident: सक्ती में भाजपा सांसद कमलेश जांगड़े के काफिले की तीन गाड़ियाँ अचानक ब्रेक लगने की वजह से आपस में टकरा गईं। वाहनों को नुकसान हुआ, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात बहाल कराया। हादसे की वजह वाहनों के बीच कम दूरी मानी जा रही है।
Also Read: VIDEO: अधिकारियों के नाम से नींबू काटेंगे सांसद भोजराज नाग, लापरवाह अफसरों को दी चेतावनी



