CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें NGO घोटाले की CBI जांच का आदेश, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी परिक्रमा पथ उद्घाटन पर सवाल, बस्तर दशहरा में रथ परिक्रमा विवाद, कवर्धा में आदिवासी युवती से गैंगरेप, गुटखा कारोबारी गिरफ्तार और 100 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, बस्तर पुलिस ने साइबर ठग गिरोह पकड़ा, कोरबा कलेक्टर पर विवाद पर सीएम बोले जांच होगी, मेकाहारा के शौचालय में महिला ने बच्ची को जन्म दिया, नक्सलियों का पोस्टमार्टम करने से डॉक्टरों का इंकार और त्योहारों से पहले अवैध शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

नि:शक्त जन संस्थान NGO घोटाले की CBI जांच का आदेश

CBI Probe: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य स्त्रोत नि:शक्त जन संस्थान से जुड़े करीब 1,000 करोड़ के घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपी है। अदालत ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर और संगठित है, जिसकी जांच स्थानीय एजेंसियों से कराना उचित नहीं होगा। हाईकोर्ट की खंडपीठ में शामिल जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल ने आदेश दिया कि 15 दिनों के भीतर सभी दस्तावेज जब्त किए जाएं और जांच शुरू की जाए। इस मामले में छह आईएएस अधिकारियों समेत कई अफसरों और कर्मचारियों पर आरोप हैं।

डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी परिक्रमा पथ तैयार, उद्घाटन पर सवाल

Dongargarh Path: डोंगरगढ़ में 10 साल बाद मां बम्लेश्वरी धाम का परिक्रमा पथ श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो गया है। नवरात्र के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वन मंत्री केदार कश्यप ने इसका उद्घाटन किया। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस पथ में छत्तीसगढ़ के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की झलक दिखाई देती है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों की लागत से बने इस रास्ते का सही उपयोग तभी होगा जब इसे असामाजिक गतिविधियों से बचाया जाए और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाया जाए।

बस्तर दशहरा में रथ परिक्रमा विवाद

Bastar Dussehra: विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में इस बार रथ परिक्रमा को लेकर विवाद सामने आया है। पटेल समाज का कहना है कि 60 साल पुरानी परंपरा को बहाल किया जाए और रथ पर राजा-रानी दोनों को सवार होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो परिक्रमा को रोका जाएगा। प्रशासन ने इस मामले को शासन के पास भेज दिया है। गौरतलब है कि 1960 के दशक के बाद से रथ पर केवल पुजारी ही छत्र लेकर सवार होते आए हैं।

कवर्धा में आदिवासी युवती से गैंगरेप

Kawardha Crime: कवर्धा जिले में आदिवासी युवती के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसे कार में बैठाकर सुनसान जगह पर अपराध को अंजाम दिया और फिर बस स्टैंड के पास छोड़ दिया। पीड़िता ने हिम्मत कर पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद अस्पताल में सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया।

गुटखा कारोबारी गिरफ्तार, करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा

Gutkha Scam: जीएसटी विभाग ने सितार गुटखा बनाने वाले व्यापारी गुरूमुख जुमनानी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि वह पिछले कई सालों से अलग-अलग जगह फैक्ट्री बदलकर गुटखा बना रहे थे और टैक्स चोरी कर रहे थे। विभाग ने पहले भी छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया था। अधिकारी मान रहे हैं कि इस मामले में टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है।

बस्तर पुलिस ने साइबर ठग गिरोह पकड़ा

Cyber Fraud: बस्तर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह लोग फर्जी वेबसाइट बनाकर फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देते थे। आरोपियों ने जगदलपुर के एक युवक से 11 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस की टीम रांची पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर लाई।

कोरबा कलेक्टर पर विवाद, सीएम बोले जांच होगी

Korba Collector: पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत को हटाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर हिटलर की तरह काम कर रहे हैं और कई मामलों में भ्रष्टाचार में शामिल हैं। इस पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कंवर वरिष्ठ नेता हैं और उनकी शिकायत की जांच कराई जाएगी।

मेकाहारा के शौचालय में महिला ने बच्ची को दिया जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में आज सुबह एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। आरंग से आई एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के शौचालय में ही एक बच्ची को जन्म दे दिया। दरअसल, सुबह करीब 8:45 बजे प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को लगा कि उसे शौच जाना है और वह शौचालय में चली गई। इसी बीच, उसने 2.4 किलोग्राम की एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया। परिजनों द्वारा तुरंत सूचना दिए जाने पर अस्पताल के प्रसूति विभाग के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौके पर पहुंचे और तुरंत महिला और नवजात को प्रसव कक्ष में ले गए। समय पर मिली देखभाल और डॉक्टरों की तत्परता से जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बाद में नवजात को शिशु रोग विशेषज्ञों को दिखाया गया और सभी आवश्यक टीके भी लगाए गए।

नक्सलियों का पोस्टमार्टम करने से डॉक्टरों का इंकार

Doctors Protest: नारायणपुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने नक्सलियों का पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। उनका कहना है कि पिछले नौ महीने से उन्हें नक्सल प्रोत्साहन भत्ता नहीं मिला है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अक्टूबर-नवंबर तक बजट मिलते ही भुगतान कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम शुरू किया।

त्योहारी सीजन में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई : 11 आरोपी पकड़े गए, 5 को जेल भेजा गया

Liquor Seizure: आरंग पुलिस ने त्योहारों से पहले अवैध शराब बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 लोगों को पकड़ा और 246 पौव्वा शराब जब्त की। इनमें से 5 लोगों को जेल भेज दिया गया, जबकि 6 पर अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसी और कार्रवाई होगी।

Also Read: CG Teachers Promotion: छत्तीसगढ़ में 1106 शिक्षकों को प्रमोशन, व्याख्याता पद के लिए ओपन काउंसिलिंग आज से

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button