
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम जोरों पर है। 4 नवंबर को इसकी शुरुआत होने के बाद से बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) ने प्रारंभिक पाँच दिनों (4 नवंबर से 8 नवंबर तक) में लगभग 30 लाख मतदाताओं तक पहुँचकर गणना प्रपत्र वितरित किए हैं। राज्य में पंजीकृत कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाताओं में से अब तक 29 लाख 29 हजार 125 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कि लक्ष्य का 14 प्रतिशत है।

BLO घर-घर जाकर संकलित कर रहे दस्तावेज
राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र (Annexure 4) देने के साथ ही आवश्यक दस्तावेज भी संकलित कर रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्र स्तर पर SIR के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के घर भी पहुँचे बीएलओ
SIR के इस कार्य में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलओ पूरी सक्रियता से मतदाताओं तक पहुँच रहे हैं। इसी क्रम में, राज्य शासन के मुख्य सचिव विकास शील के घर भी उनके मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी नवा रायपुर स्थित शासकीय आवास पर पहुँचे और उन्हें प्रारूप-08 तथा घोषणा प्रपत्र प्रदान कर आवश्यक दस्तावेज संकलित किए।
इसी तरह, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार के देवेंद्र नगर स्थित आवास पर भी बीएलओ पहुँचे और उन्हें गणना प्रपत्र व घोषणा प्रपत्र देकर आवश्यक जानकारी संकलित की।



